
राजधानी पटना से सटे बार थाना क्षेत्र के पूरा गांव में रविवार की शाम गैंगवार की सूचना मिल रही है। लेन-देन के विवाद में दो गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग हुई। इसमें वीरू पांडेय (45) और संतोष पांडेय (55) को गोली लग गई। अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना का कारण बताया जा रहा है कि कर्ज की रकम वसूली को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों की ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद दोनों गुटों के बीच तनाव व्याप्त है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। पुलिस इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। डर के मारे घरों में दुबके ग्रामीण संतोष पांडेय और मनीष पांडेय के बीच पैसे देने को लेकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद बीच-बचाव करने गए वीरू पांडेय के पेट में और संतोष पांडेय के पैर में गोली लग गई। फायरिंग के बाद अफरातफरी मच गई। ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने पांच गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। गोलियां देसी पिस्तौल और रिवॉल्वर से चलाई गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, मारपीट में विजय शंकर पांडेय और मनीष कुमार पांडेय भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों को लेकर दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है। पुलिस गांव में गश्त कर रही है। हमलावर हथियार लेकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया जा रहा है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।