Samachar Nama
×

ग्रामीण चिकित्सक को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में दस पर एफआईआर, तीन गिरफ्तार

ग्रामीण चिकित्सक को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में दस पर एफआईआर, तीन गिरफ्तार

यजी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गुरपा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार को दुष्कर्म पीड़िता के घर उसकी मां का इलाज करने गए ग्रामीण चिकित्सक की बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। चिकित्सक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

चिकित्सक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, तीन महिलाएं गिरफ्तार

पीड़ित चिकित्सक जितेंद्र यादव के बयान के आधार पर गया पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें कई महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला खुशबू देवी, बसंती देवी और पुतुल देवी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

लोगों ने चुपके से वीडियो बनाकर घटना को रिकॉर्ड कर लिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय गांव के कई लोग डर के कारण कुछ नहीं कर सके, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने चुपके से घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेड़ से बंधे घायल डॉक्टर को मुक्त कराकर फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर को बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पीड़िता के परिवार पर केस वापस लेने का दबाव
रेप पीड़िता के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में गांव के ही तीन लोगों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में कोर्ट में केस चल रहा है और 30 मई को बयान भी दिया गया था। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य फरार हैं और परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी क्रम में बदमाशों ने डॉक्टर पर हमला कर दिया।

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट किया, "बिहार में हालात तालिबान से भी बदतर हैं। बलात्कार पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को पीट-पीटकर खून से लथपथ कर दिया गया। 20 साल की भ्रष्ट एनडीए सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रही है। बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।"

भूमि विवाद भी एक कारण

इस पूरे मामले पर एसडीपीओ सुनील कुमार पांडेय ने कहा कि डॉक्टर पर हमला भूमि विवाद से भी जुड़ा हो सकता है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दस नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और तीन को गिरफ्तार किया गया है। फतेहपुर थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसएचओ विनय कुमार ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Share this story

Tags