Samachar Nama
×

 झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, धान सहित इन फसलों को होगा फायदा

 झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, धान सहित इन फसलों को होगा फायदा

भीषण गर्मी के बीच गुरुवार की रात करीब एक घंटे तक बारिश हुई। शुक्रवार की सुबह भी तेज बारिश हुई। इससे धान की नर्सरी तैयार कर रहे किसानों को काफी फायदा हुआ है। गन्ना समेत अन्य फसलों पर हरियाली छा गई है। हालांकि गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन बारिश होने के बाद भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली। शुक्रवार की दोपहर लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि बीच-बीच में आसमान में बादल भी दिखे, लेकिन इससे लोगों को ज्यादा फायदा नहीं हुआ। दिनभर आसमान में बादल आते-जाते रहे, लेकिन बारिश से तापमान में कमी नहीं आई। किसान ज्ञानचंद बैठा का कहना है कि खेत में धान का बीज डाल दिया गया है।

एक बार पंपसेट से सिंचाई भी कर दी गई है, लेकिन खेतों में नमी नहीं थी। दोबारा सिंचाई की जरूरत थी। अब बारिश होने से कम से कम एक सप्ताह तक पानी की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसान विंध्याचल यादव का कहना है कि गन्ने के लिए बारिश काफी फायदेमंद है। कुछ दिनों तक सिंचाई से राहत मिलेगी। खेतों में पर्याप्त नमी है। अब किसानों को धान की पौध लगाने की तैयारी में राहत मिलेगी। मौसम विभाग सूत्रों की मानें तो जल्द ही मानसून आ जाएगा, जिसके बाद खेती-किसानी के कामों में तेजी आएगी। बीएओ अमरनाथ ठाकुर कहते हैं कि इस बारिश से सबसे ज्यादा फायदा किसानों को हुआ है। खरीफ फसल तैयार करने में आसानी होगी। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है।

Share this story

Tags