आज भी प्रचंड गर्मी करेगी परेशान, इस दिन से करवट लेगा मौसम; कई जिलों में बारिश का अलर्ट

दो दिनों के बाद राज्यवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। 14 जून को पटना समेत राज्य के सभी जिलों में आंधी, हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना है। उत्तरी भागों के अधिकांश इलाकों में आंधी, हल्की बारिश और बिजली गिरने के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों को छोड़कर पटना समेत शेष जिलों में भीषण गर्मी और उमस की चेतावनी जारी की गई है। 48 घंटे बाद अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना है। बुधवार को औरंगाबाद और भोजपुर जिलों में 31 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। पटना और आसपास के इलाकों में शुष्क मौसम के साथ भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। पटना में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया बुधवार को डेहरी, औरंगाबाद, गया, बांका, छपरा, फारबिसगंज, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया के अलावा पटना समेत शेष जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
धान की बुआई का समय
मौसम विज्ञान केंद्र ने कृषि से जुड़े किसानों को सलाह दी है कि इस समय मौसम कनक, सीता, राजेंद्र श्वेता, बीपीटी 5204, सुवासनी और एमटीयू 1001 जैसी मध्यम अवधि वाली धान की किस्मों की नर्सरी में बुआई के लिए उपयुक्त है।
एक हेक्टेयर क्षेत्र में रोपाई के लिए करीब आठ से एक हजार वर्ग मीटर में नर्सरी तैयार की जा सकती है। नर्सरी बेड की चौड़ाई 1.25 से 1.5 मीटर के बीच रखें।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना में अधिकतम तापमान 40.7 और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गया में अधिकतम तापमान 40.6 और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।