Samachar Nama
×

सीतामढ़ी के प्रखंड प्रमुख के 4 ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी: 30 लाख रुपए नकद और 10 लाख के गहने मिले, 1.25 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला

सीतामढ़ी के प्रखंड प्रमुख के 4 ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी: 30 लाख रुपए नकद और 10 लाख के गहने मिले, 1.25 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला

बिहार के सीतामढ़ी जिले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर गुरुवार को एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में करीब 30 लाख रुपए नकद, लगभग 10 लाख रुपए के आभूषण और जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

आर्थिक अपराध इकाई की प्रारंभिक जांच में अफजल आलम के पास उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपए अधिक संपत्ति होने के साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक है।

सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में एक साथ कार्रवाई

ईओयू की अलग-अलग टीमों ने सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिले में चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें बाजपट्टी प्रखंड के हरपुरवा गांव स्थित अफजल आलम का पैतृक मकान, निजी आवास, बाजपट्टी प्रखंड कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर स्थित आवास शामिल हैं।

कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की गई। टीम ने घरों और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्ति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। तलाशी के दौरान करीब 30 लाख रुपए नकद और 10 लाख रुपए मूल्य के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है।

14 भूखंडों और करोड़ों की जमीन का पता चला

जांच के दौरान अफजल आलम से जुड़े 14 भूखंडों और मकानों के दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसूदपुर में करीब चार करोड़ रुपए मूल्य की 100 डिसमिल से अधिक जमीन का भी पता चला है।

ईओयू की टीम इन जमीनों के दस्तावेजों और खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि संपत्तियां किन स्रोतों से खरीदी गईं और इनके लिए भुगतान कहां से किया गया।

2021 में बने थे बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वे बाजपट्टी प्रखंड के प्रमुख बने। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख का पद संभालने के बाद उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की।

इसी मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना में 18 नवंबर को कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त कर छापेमारी की गई।

प्रमुख ने कार्रवाई को बताया साजिश

छापेमारी के बाद मोहम्मद अफजल आलम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कार्रवाई को साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति की ओर से उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर, ईओयू का कहना है कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई है।फिलहाल एजेंसी बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story

Tags