उपमुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने केंद्र सरकार द्वारा जैव उत्प्रेरक (बायोस्टिमुलेंट्स) और नैनो उर्वरकों की अनियमित एवं जबरन बिक्री पर रोक लगाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय को किसानों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताया।
विजय सिन्हा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और उन्नत उत्पादों का इस्तेमाल जरूरी है, लेकिन अनियंत्रित और अनियमित बिक्री से किसानों को आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों द्वारा किसानों पर महंगे और अवैज्ञानिक उत्पाद थोपे जा रहे थे, जिससे न केवल पैदावार पर असर पड़ता था बल्कि मृदा की उर्वरता भी प्रभावित होती थी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से बाजार में गुणवत्ता वाले जैव उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही नकली और अप्रमाणित उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगेगी। विजय सिन्हा ने यह भी कहा कि बिहार सरकार राज्य में कृषि इनपुट की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाएगी और किसानों को प्रमाणित उत्पादों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे केवल पंजीकृत और प्रमाणित कंपनियों के उत्पादों का ही उपयोग करें और अनधिकृत विक्रेताओं से सतर्क रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है

