Samachar Nama
×

बिहार के भागलपुर में सुबह-सुबह दंपती की गोली मारकर हत्या, लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोका
 

बिहार के भागलपुर में सुबह-सुबह दंपती की गोली मारकर हत्या, लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोका

बिहार के भागलपुर जिले में सुबह-सुबह बड़ी वारदात हुई है। यहां एक कपल को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया गया है। बताया जा रहा है कि नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के दियारा स्थित इस्माईलपुर हटिया में गुरुवार अल सुबह बदमाशों ने एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। दंपती की पहचान इस्माईलपुर निवासी नंदलाल मंडल के पुत्र रंजन मंडल और रंजन की पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की घटना अहले सुबह चार बजे की बताई जा रही है।

घटना के बाद लोगों में आक्रोश भी दिखा। नाराज लोगों ने मौके पर आई पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। ये लोग अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर साढ़े पांच बजे एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने शव ले जाने दिया। एसपी वैभव शर्मा के मुताबिक अभी पोस्टमार्टम कराने की तैयारी चल रही है। संदिग्ध से पूछताछ जारी है। जल्द घटना की वजह सामने आ जाएगी।

इस दोहरे हत्याकांड को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि यह दंपती चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। मरने वालों में रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि रंजन और उनकी पत्नी अपनी दुकान में ही सो रहे थे। इसी दौरान सुबह के वक्त अचानक कुछ अपराधियों ने बिस्तर पर सो रहे रंजन को गोलियों से भून डाला। पति को खून से सना देख पत्नी वहां से जान बचाने के लिए चीखते हुए भागने लगी। जिसके बाद अपराधियों ने उन्हें दौड़ा कर पकड़ लिया और बेहद ही नजदीक से गोली मार दी।

Share this story

Tags