गयाजी के विष्णुपद मंदिर में शुरू होगा पर्यटन कॉरिडोर का निर्माण, तीर्थयात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

गयाजी के विष्णुपद मंदिर में पर्यटन कॉरिडोर बनाने का काम शुरू होने वाला है। कॉरिडोर के पहले चरण में विष्णुपद मंदिर में पाथ-वे सह शेड भवन, संरचना और मंदिर में वैकल्पिक प्रवेश द्वार तथा बस स्टॉप का निर्माण किया जाएगा। इसकी लागत 57.74 करोड़ रुपये आने का अनुमान है।
पर्यटन विभाग ने मॉडल जारी किया
पर्यटन कॉरिडोर के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम टेंडर जारी करेगा। इसके बाद कॉरिडोर का निर्माण शुरू होने वाला है। पर्यटन विभाग ने विष्णुपद कॉरिडोर का मॉडल जारी कर अध्ययन के लिए विष्णुपद प्रबंध समिति को एक प्रति उपलब्ध कराई है। विष्णुपद प्रबंध समिति के अध्यक्ष शंभूलाल बिठल ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रति में विष्णुपद कॉरिडोर के लिए कई कार्य योजनाएं दर्शाई गई हैं।
इसमें कॉरिडोर के नीचे तीर्थयात्रियों के बैठने की सुविधा सहित मुख्य भवन का निर्माण, फल्गु नदी के किनारे से विष्णुपद मंदिर में प्रवेश के लिए मुख्य द्वार का निर्माण शामिल है। घुघरीटांड़ पुल से नदी के किनारे मंदिर तक प्रवेश पथ का निर्माण किया जाएगा। प्रवेश मार्ग 42 मीटर चौड़ा होगा। मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार फल्गु नदी की ओर से होगा। मॉडल में कहा गया है कि विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर के निर्माण से विष्णुपद क्षेत्र में कई बदलाव आएंगे। मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार अभी पश्चिम दिशा में है, इसे बदलकर फल्गु नदी के किनारे किया जाएगा। यह कॉरिडोर बेहद खूबसूरत लगेगा। वहीं, घुघरीटांड़ बाइपास से वाहन सीधे मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंचेंगे। इससे तीर्थयात्री अपने वाहनों से आसानी से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। इसके लिए जल संसाधन विभाग की ओर से विष्णुपद मंदिर तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक प्रवेश मार्ग के निर्माण के साथ ही घुघरीटांड़ बाइपास पुल से श्मशान घाट तक निर्माण कराया जाएगा। तीर्थयात्रियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल मंदिर कॉरिडोर के निर्माण में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने तीर्थयात्रियों की पूरी सुविधाओं का ख्याल रखा है। रास्ते में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छत्र शौचालय, पेयजल सुविधा, सड़कों का विकास, पार्किंग क्षेत्र, पर्यटक सुविधा केंद्र, बस डिपो आदि का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण के दौरान कई भवनों को हटाया भी जा सकता है। वहीं, मनसरवा नाला पर सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। मालूम हो कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की थी। संसद में केंद्रीय बजट को मंजूरी मिलने के बाद इसका क्रियान्वयन शुरू हो गया है, इसी क्रम में विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर का मॉडल तैयार किया गया है।
मॉडल से समिति को कराया गया अवगत
सूत्रों की मानें तो विष्णुपद कॉरिडोर के बारे में विष्णुपद प्रबंध समिति को अवगत करा दिया गया है। समिति से उस प्रारूप पर भी राय मांगी गई है। उस पर विचार किया जा सकता है।