गिरिराज सिंह कांग्रेस पर भड़के, कहा- यह पार्टी भ्रम फैलाती है, पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं राहुल गांधी

भागलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी बन गई है, जिसका देश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है। राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और इससे उनकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश के विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर भ्रम फैलाती रही है, जबकि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प पर अडिग है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने न सिर्फ अपने वादों को पूरा किया है, बल्कि वह भी कर दिखाया है, जो दशकों से नारा रहा है। उन्होंने नेहरू परिवार की गलतियों को सुधारने में 11 साल लगा दिए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना, तीन तलाक की प्रथा को खत्म करना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों में गिनाया। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि इस अभियान के जरिए भारत ने अपनी सैन्य ताकत और कूटनीतिक क्षमताओं का परिचय दुनिया को कराया। सेना के पराक्रम को बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री ने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार ने अब तक 27 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है और देश आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए के 11 साल पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह भागलपुर पहुंचे। वहां सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया।