क्रिकेट खेलने के बहाने बच्चे निकले थे घर से, अब आई उनकी मौत की खबर; परिजनों का हाल बेहाल

राजधानी पटना में नहाने के दौरान दो दोस्त डूब गए। घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रेट घाट पर हुई। मृतकों की पहचान रोहित कुमार (14) और संकल्प कुमार (12) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रोहित और संकल्प दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन दोनों खेलने के लिए गांधी मैदान की जगह गंगा घाट पर पहुंच गए। घाट पर पहुंचने से पहले वहां कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो वहां नहा रहे थे। सभी को नहाता देख रोहित और संकल्प भी गंगा में नहाने लगे। इस दौरान नहाते समय संकल्प गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। संकल्प को डूबता देख रोहित उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन पानी गहरा होने के कारण रोहित भी डूबने लगा। इस दौरान अन्य बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे, लेकिन इससे पहले कि कोई उनकी मदद कर पाता, दोनों नदी में डूब गए। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े-दौड़े आए और घटना की जानकारी ली। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान रोहित का शव बरामद हुआ, जबकि संकल्प की तलाश अभी भी जारी है।