Samachar Nama
×

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, बूढ़ी गंडक नदी के घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, बूढ़ी गंडक नदी के घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन हो गया। इस अवसर पर बूढ़ी गंडक नदी के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सोमवार तड़के सुबह 3 बजे से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था।

सुबह होने से पहले ही नदी के विभिन्न घाटों पर छठ पूजा को लेकर चहल-पहल बढ़ गई थी। व्रती पूजा सामग्री और फल से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचे। श्रद्धालु उगते सूर्य के दर्शन का इंतजार करते रहे। सूर्यदेव के उदय होने पर व्रतियों ने जल में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन घाटों पर आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व खरना और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पूरा हुआ। इसी के साथ व्रतियों का कठिन निर्जला उपवास भी संपन्न हो गया। बूढ़ी गंडक नदी के विभिन्न घाटों पर छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा।

Share this story

Tags