बिहार पुलिस ने 6 महीने में 271 लड़कियों को किया रेस्क्यू, देह व्यापार के जाल का ऐसे किया भंड़ाफोड़

बिहार पुलिस ने पिछले छह महीनों में राज्य के विभिन्न जिलों में विशेष तलाशी अभियान चलाकर 271 ऐसी लड़कियों को बचाया है, जिन्हें यौन शोषण और वेश्यावृत्ति में धकेला जा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को इस अभियान की जानकारी दी। बिहार पुलिस के अधिकारियों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि इस अवधि के दौरान कथित तौर पर बंधुआ मजदूरी में धकेले गए कुल 506 लड़कों को भी बचाया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि छुड़ाई गई लड़कियों में 153 लड़कियां शोषण का सामना कर रही थीं और उन्हें ऑर्केस्ट्रा समूहों में नाचने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जबकि 118 को जनवरी 2025 से वेश्यावृत्ति में धकेला जा रहा था।
पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक 23 महिलाओं समेत 191 लोगों को गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि रोहतास, सीवान, सारण, बेतिया, गोपालगंज और बेगूसराय में पुलिस और गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों द्वारा संयुक्त तलाशी के बाद नाबालिग लड़कियों और लड़कों को बचाया गया।
पुलिस के बयान में कहा गया है कि लड़कियों को जबरन वेश्यावृत्ति में धकेलने के लिए विभिन्न जिलों में कम से कम 231 एफआईआर दर्ज की गई हैं और ऑर्केस्ट्रा समूहों में जबरन नृत्य और शोषण के संबंध में 14 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।