Samachar Nama
×

Bihar Election:  बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगे चिराग पासवान, LJPR नेता बोले- बिहार में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार

बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगे चिराग पासवान, LJPR नेता बोले- बिहार में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। चुनावी मैदान में जहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राजेश राम जैसे युवा चेहरे होंगे, वहीं लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान भी ताल ठोकते नजर आएंगे। चिराग खुद बिहार की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने और विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर पार्टी चाहेगी तो वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अब यह साफ हो गया है कि पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अधिकृत करते हुए प्रस्ताव पारित कर दिया है। वहीं उनके समधी और जमुई के सांसद अरुण भारती ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा कि इस बार चिराग पासवान को आरक्षित सीट से नहीं बल्कि सामान्य सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, ताकि यह संदेश जाए कि वे अब सिर्फ एक वर्ग नहीं बल्कि पूरे बिहार का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। कार्यकर्ताओं की भी यही भावना है। अरुण भारती ने एक्स हैंडल पर यह भी कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान हमेशा कहते हैं कि उनकी राजनीति बिहार केंद्रित है। उनका विजन बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट विकसित और आत्मनिर्भर बिहार का संकल्प है। यह तभी संभव होगा जब वे खुद बिहार में रहेंगे और नेतृत्व करेंगे। बतौर प्रदेश प्रभारी जब मैं गांव-गांव गया तो हर जगह लोगों की एक ही मांग थी कि चिराग पासवान अब बिहार में बड़ी भूमिका निभाएं।

चिराग पासवान आज सिर्फ एक प्रतिनिधि नहीं, बल्कि पूरे बिहार की उम्मीद हैं- राजेश

वहीं, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने कहा कि हाल ही में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को विधानसभा चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव रखा गया। जाहिर है चिराग जी अब बिहार में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। चिराग पासवान आज सिर्फ एक प्रतिनिधि नहीं, बल्कि पूरे बिहार की उम्मीद हैं। उनका यह कदम सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा देगा। जिसमें प्रतिनिधित्व के साथ-साथ सर्वस्वीकृति की लड़ाई भी लड़ी जाएगी।

Share this story

Tags