Samachar Nama
×

Bihar Election 2025: बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप का बड़ा ऐलान, इस सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
 

बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप का बड़ा ऐलान, इस सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

बिहार के लोकप्रिय यूट्यूबर मनीष कश्यप जन सरोकार के मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। उस समय इसे बड़ी राजनीतिक घटना माना जा रहा था, क्योंकि मनीष कश्यप की युवाओं के बीच खास पकड़ है और तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों के मुद्दे को लेकर भी वे सुर्खियों में रहे थे। लेकिन अब मनीष कश्यप ने भाजपा से नाता तोड़ने का ऐलान कर दिया है। न्यूज24 से बातचीत में उन्होंने कई बातें साफ की हैं। मनीष कश्यप ने भाजपा से नाता क्यों तोड़ा? मनीष ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई और न ही संगठन स्तर पर उनकी बातों को महत्व दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों की समस्याओं को उठाया, लेकिन पार्टी में उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। मनीष का दावा है कि चुनावी रणनीति के तहत उन्हें सिर्फ प्रचार और चेहरे के तौर पर इस्तेमाल किया गया, जबकि नीतिगत फैसलों में उनकी कोई भागीदारी नहीं थी। क्या अब वे जन सुराज से जुड़ेंगे? मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर की जन सुराज यात्रा की तारीफ की और संकेत दिया कि वे जल्द ही इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर जमीन से जुड़े हुए हैं, वे आम लोगों की बात करते हैं और बिहार में वैकल्पिक राजनीति की जरूरत है।

भाजपा को कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा

मनीष कश्यप ने कहा कि भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। कोई भी पार्टी कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है, नेताओं पर नहीं। मनीष कश्यप ने कहा कि ध्यान रहे कि इस बार बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। वहीं, महागठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि सीटों की लड़ाई है। तेजस्वी यादव के अलावा कोई और मुख्यमंत्री नहीं बन सकता।

क्या प्रशांत किशोर अहंकारी हैं?

मनीष कश्यप ने कहा कि क्या तेजस्वी यादव अहंकारी नहीं हैं, क्या नरेंद्र मोदी अहंकारी नहीं हैं? मनीष कश्यप ने कहा कि सभी दलों के नेता उनके साथ हैं। सत्ता में बैठे लोग विपक्ष के लोगों को काम देते हैं ताकि अगर कोई दिक्कत हो तो उसका ठीकरा विपक्ष पर फूटे।

चनपटिया से लड़ेंगे चुनाव
मनीष कश्यप ने कहा कि करीब एक साल तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने बहुत कुछ सीखा। लेकिन अब वे अपना रास्ता खुद तय करेंगे। कई ऑफर आ रहे हैं लेकिन अब वह पीछे नहीं हटेंगे। स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं होगा। मनीष कश्यप ने कहा कि वह पश्चिमी चंपारण के चनपटिया से चुनाव लड़ेंगे।

Share this story

Tags