Bihar Election 2025: तेजप्रताप की गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई को लगा झटका, RLJP ने 6 साल के लिए किया बाहर

बिहार की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) ने अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आकाश यादव RLJP की युवा शाखा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। हाल ही में तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्तों को लेकर उठे विवाद के बाद यह कार्रवाई की गई है। सूत्रों के मुताबिक आकाश यादव ने तेज प्रताप और अनुष्का के रिश्तों को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद RLJP प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने यह सख्त कदम उठाया। पार्टी का कहना है कि आकाश के बयान से संगठन की छवि को नुकसान पहुंच रहा था।
तेज प्रताप से रिश्तों का खुलासा
यह घटना तब सामने आई जब तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर अनुष्का यादव के साथ अपने 12 साल पुराने रिश्तों का खुलासा किया, जिसके बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और परिवार से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।
लालू परिवार को RLJP की चुनौती
RLJP के इस फैसले को लालू परिवार को दी गई चुनौती के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है। पशुपति पारस ने हाल ही में एनडीए से अलग होने का ऐलान किया था और अब वे आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल होने की संभावना तलाश रहे हैं। इस निष्कासन से बिहार की राजनीति में नया मोड़ आ सकता है, क्योंकि आकाश यादव की आरएलजेपी में प्रभावी भूमिका थी। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आकाश और अनुष्का इस फैसले पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और इसका लालू परिवार और आरएलजेपी के रिश्तों पर क्या असर पड़ता है।