Bihar Election 2025: राजद के संगठन चुनाव का पहला चरण पूरा, अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की बारी

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांगठनिक चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है, जिसमें प्राथमिक (बूथ) और पंचायत इकाई के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अब पार्टी ने अगले चरणों की चुनाव प्रक्रिया की तिथि तय कर दी है। प्रखंड समिति के चुनाव 31 मई यानी आज से शुरू होंगे। जिला समितियों के चुनाव की प्रक्रिया 5 जून से और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 14 जून से शुरू होगी। राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की अंतिम सूची 24 जून को प्रकाशित होगी। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 5 जुलाई को होगा। राजद के राष्ट्रीय सहायक चुनाव पदाधिकारी चित्तरंजन गगन के अनुसार, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में पार्टी की प्राथमिक और पंचायत इकाई के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पुरु की पूर्व स्वीकृति के बाद सभी राज्यों में प्रखंड प्रतिनिधियों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस बीच बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस बात पर बहस चल रही है कि पार्टी के पहले सवर्ण प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह अपने पद पर बने रहेंगे या नहीं। हालांकि लालू यादव की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
नवजात बेटे और पत्नी के साथ पटना लौटे तेजस्वी यादव
बिहार में विपक्षी नेता तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री और नवजात बेटे इराज के साथ पटना लौट आए हैं। पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपने पोते का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लालू यादव ने अपने पोते को गोद में लेकर उसे आशीर्वाद दिया और परिवार के इस नए सदस्य के आगमन पर खुशी जताई। तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं। उनकी पहले से एक बेटी है। 27 मई को राजश्री यादव ने कोलकाता के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था।