बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को होने जा रहा है। इस बार कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी में खासा उत्साह और तैयारियां देखने को मिल रही हैं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार समारोह को भव्य रूप देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी प्रबंधन और आम जनता के लिए बैठने की व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
गौरतलब है कि जब पहली बार बीजेपी की ओर से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने थे, तब शपथ ग्रहण समारोह अपेक्षाकृत सादगीपूर्ण रहा था। लेकिन इस बार नई कैबिनेट के गठन को लेकर भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिससे राजनीतिक संदेश भी देने की कोशिश मानी जा रही है।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे हेलीकॉप्टर से गांधी मैदान पहुंचेंगे और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
सुरक्षा के लिहाज से भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस भव्य आयोजन के जरिए सरकार अपनी ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन करना चाहती है। साथ ही जनता के बीच सकारात्मक संदेश देने की भी कोशिश की जा रही है।

