बिहार में डूबने से 7 लोगों की मौत, नहाने के दौरान मासूम भाई-बहन और चचेरी बहनों की भी गयी जान

बिहार की नदियों और नहरों का जलस्तर अब बढ़ने लगा है। रविवार को विभिन्न स्थानों पर नहरों और तालाबों में नहाने गए आधा दर्जन से अधिक लोग डूब गए। मृतकों में एक सहोदर भाई, दो बच्चियां और एक युवक शामिल हैं। ये घटनाएं मधुबनी, शेखपुरा, समस्तीपुर और नवादा में हुईं। परिजनों में कोहराम का माहौल है।
मधुबनी में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत
मधुबनी के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के नवानी गांव में सुपेन नहर में नहाने के दौरान दो मासूम भाई-बहन डूब गए। दोनों की मौत हो गई। नवानी यादव टोली गांव के वार्ड 6 निवासी रोशन कुमार की पुत्री राधिका (9) और सात वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार हादसे का शिकार हुए। दोनों अपने दादा के साथ कमलबाग गए थे। इसी दौरान वे सुपेन नहर में नहाने चले गए और दोनों गहरे पानी में डूब गए। जब तक दादा ने देखा, दोनों बच्चे डूब चुके थे। शव आधा किलोमीटर दूर मिले। बताया गया कि तीन भाई-बहन नहाने गए थे, जिसमें एक छोटा बच्चा बच गया।
मधुबनी में एक और हादसा
मधुबनी में एक और हादसा हुआ। कलुआही थाना क्षेत्र के बरदेपुर-कालिकापुर के बीच मुख्य पश्चिमी कोसी नहर में 13 वर्षीय बालक डूब गया। मृतक की पहचान कलिकपुर गांव के श्याम यादव के पुत्र आनंद कुमार यादव के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ भीषण गर्मी में नहर में नहाने गया था और फिसलकर गहरे पानी में चला गया। देर रात तक उसका शव नहीं मिला। रविवार की सुबह उसका शव मिला।
शेखपुरा में दो चचेरी बहनों की मौत
शेखपुरा जिले के अरियरी थाना क्षेत्र के बेलची बेलदरिया गांव में एक हादसा हुआ। जहां गहरे पानी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय सुहानी और 12 वर्षीय राधा के रूप में हुई। दोनों तालाब में नहाने के दौरान डूब गईं। दोनों चचेरी बहनें थीं।
समस्तीपुर और नवादा में भी हुए हादसे
समस्तीपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। बालापुर गांव में अपनी नानी के घर आया 22 वर्षीय जयंत कुमार बूढ़ी गंडक में नहाने के दौरान डूब गया। वहीं, नवादा जिले के नादरीगंज थाना क्षेत्र के राम गांव में एक अन्य बच्ची को बचाने के प्रयास में 12 वर्षीय बच्ची सिमरन कुमारी की मौत हो गई।