बिहार में दो नए एयरपोर्ट को लेकर बड़ा अपडेट, सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम परियोजनाओं में तेजी के निर्देश
बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए प्रस्तावित दो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में भागलपुर जिले के अजगैबीनाथ धाम और सारण जिले के सोनपुर में प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया, मास्टर प्लान, भूमि अधिग्रहण और कनेक्टिविटी समेत कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं से जुड़े काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
दोनों एयरपोर्ट पर 10 हजार करोड़ का निवेश
बैठक में बताया गया कि दोनों परियोजनाओं के पहले चरण में कुल करीब 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 3500 करोड़ रुपये, जबकि सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में करीब 6500 करोड़ रुपये का निवेश PPP यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत किया जाना है। राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण और कनेक्टिविटी से जुड़ी लागत वहन करेगी।
मास्टर प्लान और भूमि अधिग्रहण पर जोर
समीक्षा बैठक में दोनों एयरपोर्ट की टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी रिपोर्ट, ट्रैफिक सर्वे, मास्टर प्लान, एयरपोर्ट की क्षमता, भूमि अधिग्रहण, सड़क संपर्क और जरूरी आधारभूत संरचनाओं के विकास की स्थिति पर चर्चा की गई।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया। इसके लिए बिहार रैयती भूमि क्रय नीति, 2026 के तहत आवश्यक प्रक्रिया पर भी बैठक में चर्चा हुई।
बड़े विमानों के संचालन के लिए तैयार होगा अजगैबीनाथ एयरपोर्ट
अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के मास्टर प्लान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एयरपोर्ट की आधारभूत संरचना और रनवे को इस तरह विकसित किया जाए कि वहां बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके।इस एयरपोर्ट से भागलपुर के अलावा मुंगेर, लखीसराय, जमुई, बांका, खगड़िया और बेगूसराय सहित आसपास के जिलों को हवाई कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, श्रावणी मेले के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह एयरपोर्ट उपयोगी हो सकता है।
सोनपुर एयरपोर्ट में कार्गो सुविधा पर जोर
सोनपुर ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मास्टर प्लान की समीक्षा के दौरान कार्गो सुविधाओं और यात्रियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया गया। प्रस्तावित एयरपोर्ट से बिहार के कई जिलों के साथ-साथ झारखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को भी हवाई संपर्क मिलने की बात कही गई है।मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब भूमि अधिग्रहण, कनेक्टिविटी और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में तेजी इन दोनों प्रस्तावित एयरपोर्ट परियोजनाओं के अगले चरण के लिए महत्वपूर्ण होगी।

