Samachar Nama
×

खगड़िया में बड़ा मामला: मिड-डे मील खाने के बाद 24 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

खगड़िया में बड़ा मामला: मिड-डे मील खाने के बाद 24 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत लेवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) खाने के बाद लगभग दो दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुखदेव सुमन साह प्राथमिक विद्यालय, लेवा (विजेंद्र बासा), प्रखंड गोगरी में सामने आई। भोजन करने के कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति बिगड़ते देख शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अधिकारियों ने मिड-डे मील के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या है।

इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है और वे स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सभी प्रभावित बच्चों का इलाज जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share this story

Tags