भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग तेज़, सांसद मनोज तिवारी ने उठाई आवाज़
भोजपुरी भाषा और संस्कृति के गौरव भिखारी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। अब इस मांग को भाजपा सांसद और लोकप्रिय गायक-अभिनेता मनोज तिवारी ने भी अपना समर्थन दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि लोककला, नाटक और समाज सुधार के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले भिखारी ठाकुर को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
इससे पहले भी भाजपा सांसद रवि किशन सहित कई जनप्रतिनिधि, कलाकार और साहित्य प्रेमी इस मांग को उठा चुके हैं। भोजपुरी भाषा के समर्थक लंबे समय से भिखारी ठाकुर को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के प्रयास कर रहे हैं।
भिखारी ठाकुर को 'भोजपुरी का शेक्सपियर' कहा जाता है। उन्होंने न केवल भोजपुरी नाटक और गीतों को जन-जन तक पहुँचाया, बल्कि सामाजिक बुराइयों जैसे दहेज प्रथा, नशाखोरी और महिलाओं के शोषण के खिलाफ अपनी लेखनी और मंच से आवाज़ बुलंद की। उनकी रचनाएं आज भी जनमानस के बीच गूंजती हैं।
भोजपुरी संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले इस महान लोकनायक को भारत रत्न देने की मांग को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। अब देखना यह होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।

