PUBG खेल रहे युवक पर तलवारों से हमला, बिजली बंद कर बदमाशों ने किया वार; कान कटा, हालत गंभीर
बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मोबाइल पर PUBG गेम खेल रहे एक युवक पर पांच बदमाशों ने बिजली बंद कर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का कान कट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर नाले में जा गिरा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल युवक की पहचान मोहम्मद रमजान मंसूरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमजान पुणे में रहकर काम करता था और बकरीद की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने घर के पास मोबाइल पर PUBG खेल रहा था, तभी कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
बिजली बंद कर अचानक किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवक मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पहले बिजली बंद कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार से कई वार किए, जिसमें युवक का कान कट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
हमले के बाद युवक घायल अवस्था में पास के नाले में गिर गया। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उसे बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मायागंज अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल रमजान को गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी दयानंद, सूरज और राहुल समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

