Samachar Nama
×

बिहार के लखीसराय में मंदिर दर्शन के दौरान भगदड़, फुटेज में देंखे 7 महिलाओं की मौत, 23 से ज्यादा घायल

बिहार के लखीसराय में मंदिर दर्शन के दौरान भगदड़, फुटेज में देंखे 7 महिलाओं की मौत, 23 से ज्यादा घायल

बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मंदिर दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मचने से 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 23 से ज्यादा श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 3 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

यह हादसा अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल श्रद्धालुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि पुरुषों की लाइन की ओर एक खंभा गिर गया था। इसके बाद भीड़ में यह अफवाह फैल गई कि बिजली की चालू लाइन का तार लोगों के ऊपर गिर गया है। हालांकि जांच में पता चला कि वह केवल एक केबल वायर था और उसमें करंट नहीं था।

अफवाह फैलने के बाद पुरुषों की तरफ मौजूद भीड़ में अचानक दबाव बढ़ गया, जिसका असर महिलाओं की लाइन पर पड़ा। भीड़ का दबाव बढ़ने से महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं और भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान कई श्रद्धालु दब गए, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में चार की पहचान हो चुकी है। मृतकों में लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं। प्रशासन अन्य मृतकों की पहचान करने में जुटा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। एक श्रद्धालु ने बताया कि भीड़ बहुत ज्यादा थी। अचानक पोल गिरने और करंट फैलने की बात तेजी से फैल गई। इसके बाद लोग घबराकर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और कई लोग एक-दूसरे पर गिर गए।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखीसराय हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ प्रबंधन में हुई चूक और अफवाह फैलने के कारण यह हादसा हुआ। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए मंदिर और भीड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है।

Share this story

Tags