5 साल की प्रेम कहानी: पहली नजर में हुआ प्यार, वीडियो में जाने सच्चाई जानने के बाद भी निभाया रिश्ता, किन्नर साथी से रचाई शादी
बिहार के बेगूसराय से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने समाज की पारंपरिक सोच को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। यहां संजात गांव के रहने वाले 21 वर्षीय विकास कुमार ने मंझौल की 22 वर्षीय सुशीला से शादी की है। खास बात यह है कि सुशीला जन्म से किन्नर हैं, लेकिन दोनों ने अपने रिश्ते को अपनाते हुए विवाह किया है। विकास कुमार पेशे से एक कलाकार हैं और स्टेज प्रोग्राम में नगाड़ा और ढोल बजाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी और सुशीला की मुलाकात साल 2021 में हुई थी, जब वे अपनी चचेरी बहन के ससुराल एक स्टेज प्रोग्राम में गए थे।
विकास के अनुसार, प्रोग्राम के दौरान उनकी नजर स्टेज के नीचे भीड़ में खड़ी एक लड़की पर पड़ी और उन्हें पहली नजर में ही प्यार हो गया। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि वह व्यक्ति किन्नर समुदाय से है। इसके बावजूद विकास ने अपने भावनात्मक जुड़ाव को बनाए रखा और अपने प्यार का इजहार किया।समय के साथ दोनों के बीच रिश्ता मजबूत होता गया और उन्होंने सामाजिक बंधनों को दरकिनार करते हुए साथ रहने का फैसला किया। विकास ने बताया कि उन्होंने परिवार वालों को बिना बताए करीब 5 साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी।
इस अनोखी शादी ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना दिया है। जहां एक ओर कुछ लोग इस रिश्ते को प्यार की जीत बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सामाजिक परंपराओं से अलग कदम मानकर अलग-अलग राय दे रहे हैं।विकास का कहना है कि उनके लिए सबसे अहम बात इंसानियत और प्यार है, न कि समाज की बनी-बनाई सीमाएं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सुशीला को हमेशा एक जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया है।यह कहानी एक बार फिर इस बात को सामने लाती है कि रिश्ते सिर्फ सामाजिक परिभाषाओं में नहीं बंधते, बल्कि भावनाओं और समझदारी पर आधारित होते हैं।

