सुपौल में बाइक की टक्कर से घायल 4 साल के मासूम की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम; परिवार में पसरा मातम
बिहार के सुपौल जिले में सड़क हादसे में घायल हुए एक 4 वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के कुपड़िया वार्ड नंबर-1 की है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की पहचान चंदन कुमार के इकलौते पुत्र दुर्लभ कुमार (4) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा सड़क किनारे था, तभी एक अज्ञात बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, दुर्लभ घर का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में वाहन चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अज्ञात बाइक चालक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मासूम की मौत से कुपड़िया इलाके में शोक का माहौल है।

