अनंत सिंह की बेटी की शादी में बन रहे 30 लाख रसगुल्ले, 300 चूल्हों पर पक रहा खाना; 10 हजार लीटर दूध और 1000 किलो पनीर की व्यवस्था
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों भव्य तैयारियों को लेकर चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह के लिए उनके पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। शादी में आने वाले मेहमानों के खाने-पीने से लेकर ठहरने और मनोरंजन तक की विशेष व्यवस्था की गई है। सबसे ज्यादा चर्चा भोजन और मिठाइयों की तैयारी को लेकर है। दावा है कि शादी में करीब 30 लाख रसगुल्ले बनाए जा रहे हैं। इसके लिए हजारों लीटर दूध और बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री मंगाई गई है।
300 चूल्हों पर तैयार हो रहा खाना
शादी में मेहमानों की भारी संख्या को देखते हुए गांव में मेगा किचन तैयार किया गया है। यहां करीब 300 चूल्हों पर खाना पकाने की व्यवस्था की गई है। इस काम में सैकड़ों हलवाई और कारीगर लगाए गए हैं। अलग-अलग टीमें मिठाइयां, मुख्य भोजन और दूसरी खाद्य सामग्री तैयार करने में जुटी हैं।
आयोजन में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के पकवान तैयार करने की योजना है। इसके लिए अनाज, सब्जियों, मसालों, चीनी और दूसरी जरूरी सामग्री की बड़ी खेप मंगाई गई है।
10 हजार लीटर दूध और 1000 किलो पनीर
मिठाइयां और अन्य व्यंजन तैयार करने के लिए करीब 10 हजार लीटर दूध की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा लगभग 1000 किलो पनीर भी मंगाया गया है। दूध की इतनी बड़ी मात्रा को रसोई तक पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रसगुल्ले के साथ दूसरी मिठाइयां बनाने के लिए भी अलग-अलग कारीगरों की टीमें काम कर रही हैं।
शादी में लिट्टी-चोखा, मालपुआ, बालूशाही, खाजा और कई तरह के पनीर से बने व्यंजन शामिल किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा चाट, गोलगप्पे, डोसा और अन्य खाद्य पदार्थों के लाइव काउंटर भी लगाए जाने की योजना है।
10 बीघे में तैयार हो रहा पंडाल
शादी के लिए नदवां गांव में करीब 10 बीघे जमीन पर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के स्वागत और कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल को भव्य रूप देने के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं।
हालांकि, पिछले दिनों हुई बारिश से तैयारियों में कुछ परेशानी आई थी। आयोजन स्थल पर पानी और कीचड़ जमा होने के कारण पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी।
25 नवंबर को होगी शिवांगी की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होनी है। विवाह से पहले तिलक और फलदान की रस्म पूरी हो चुकी है। 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी एवं संगीत का कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन परिवार में अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी होना है।

