'बिहार में एक दिन में चलती है 200 राउंड गोली...', तेजस्वी ने नीतीश सरकार की खटारा गाड़ी से की तुलना

बिहार में एक दिन में कम से कम दो सौ राउंड गोलियां चलती हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब हत्या, बलात्कार, व्यापारियों से लूट, बैंक डकैती की दर्जनों घटनाएं न घटित होती हों। भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। थाना हो या ब्लॉक, कहीं भी बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता।
उपरोक्त बातें बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को गया जिले के गुरिया में कहीं। तेजस्वी यहां गुरिया विधायक विनय कुमार यादव के पिता और मगध सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय उमेश कुमार वर्मा की स्मृति और प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करने आए थे। तेजस्वी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा बेहोशी की हालत में रहते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने दो उपमुख्यमंत्रियों का नाम भी नहीं बता पाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव की जरूरत है।