तुमकुरु में नकली आयुर्वेदिक दवाइयों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली निवासी गिरफ्तार
कर्नाटक के तुमकुरु जिले से नकली आयुर्वेदिक दवाइयों के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो डुप्लिकेट ब्रांडिंग के जरिए वजन घटाने वाली नकली दवाइयों का निर्माण कर उन्हें बाजार में बेच रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह नामी आयुर्वेदिक कंपनियों के नाम और पैकेजिंग की नकल कर अवैध रूप से दवाइयां तैयार करता था और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन दवाइयों को असली बताकर उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा रहा था।
इस मामले में दिल्ली निवासी एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी इस पूरे नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और सप्लाई चेन को मैनेज करने में उसकी अहम भूमिका थी।
तुमकुरु पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की शुरुआत एक कंपनी के मालिक की शिकायत से हुई थी, जिसमें उन्होंने अपने ट्रेडमार्क के दुरुपयोग की शिकायत 14 अगस्त 2025 को दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी ब्रांडिंग का गलत इस्तेमाल कर नकली दवाइयां बाजार में बेची जा रही हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और छापेमारी के दौरान नकली दवाइयों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसके बाद पूरे नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि यह रैकेट कई राज्यों तक फैला हो सकता है और इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा था। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और सप्लाई चेन को ट्रैक करने में जुटी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी दवा को केवल अधिकृत स्रोत से ही खरीदें।

