असम में ट्रिपल मर्डर के दोनों आरोपियों का एनकाउंटर, वीडियो में देखें पैरों में लगी गोली; 2 पुलिसकर्मी भी घायल
असम के डिब्रूगढ़ जिले के डुलियाजान में तीन लोगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मार दी। मंगलवार रात हथियार बरामद करने के लिए पुलिस दोनों आरोपियों को बालिजन टी एस्टेट के पास ले गई थी। इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी। घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
हथियार बरामद करने ले गई थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान राजू दास और अमीर दास के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा बालिजन इलाके में छिपाने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें हथियार बरामद करने के लिए मंगलवार रात करीब 11 बजे वहां लेकर पहुंची।
डिब्रूगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल घोष के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को काबू में करने और भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने चार राउंड फायरिंग की, जिसमें दोनों के पैरों में गोलियां लगीं।
घायल आरोपियों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में उन्हें डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। घायल पुलिसकर्मियों का भी इलाज चल रहा है।
16 नवंबर को हुई थी एक परिवार के तीन लोगों की हत्या
यह मामला 16 नवंबर को डुलियाजान के कमलाबाड़ी इलाके में सामने आया था। एक घर से चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के शव बरामद हुए थे। तीनों के शरीर पर चोट के निशान मिले थे।
पुलिस ने इस मामले में राजू दास और उसके रिश्तेदार अमीर दास को 17 नवंबर को सिमलगुड़ी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, राजू करीब सात साल से भुइयां परिवार के घर में किराएदार के रूप में रह रहा था।
ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज को हत्या की वजह मान रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के कारण राजू पर करीब चार लाख रुपये का कर्ज हो गया था। आशंका है कि कर्ज चुकाने और घर से पैसे लूटने के इरादे से उसने इस वारदात की योजना बनाई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

