Samachar Nama
×

ईरान-इज़राइल तनाव के बीच राजस्थान में ईंधन आपूर्ति को लेकर सरकार सतर्क, सीएम की पीएम मोदी से होगी वीसी

ईरान-इज़राइल तनाव के बीच राजस्थान में ईंधन आपूर्ति को लेकर सरकार सतर्क, सीएम की पीएम मोदी से होगी वीसी

दुनिया भर में गहराते ईरान-इज़राइल युद्ध के संकट के बीच राजस्थान में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर सरकार ने स्थिति पर नजर तेज कर दी है। संभावित वैश्विक असर और सप्लाई चेन पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकारें लगातार समन्वय में जुटी हुई हैं।

इसी क्रम में आज शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे। इस बैठक में देशभर में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की संभावना है, ताकि किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित की जा सके।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की स्थिति को लेकर एक सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि राजस्थान में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

मुख्यमंत्री ने सभी दलों के नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा किया जाए।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बताया कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति फिलहाल सामान्य है और सप्लाई चैन में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। तेल कंपनियों और संबंधित विभागों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष की स्थिति में कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ सकता है, जिसके चलते पहले से तैयारी करना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य स्तर पर यह समन्वय बैठकें की जा रही हैं।

फिलहाल सरकार की ओर से जनता को आश्वस्त किया गया है कि राजस्थान में ईंधन और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Share this story

Tags