Samachar Nama
×

युवा खिलाड़ियों की मदद करने और उन्हें आगे बढ़ते देखने के लिए उत्सुक हूं: शुभमन गिल

चंडीगढ़, 23 अगस्त (आईएएनएस)। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 की शुरुआत 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में हो रही है। लीग का यह पहला संस्करण है। लीग में छह टीमें खिताब के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगी।

चंडीगढ़, 23 अगस्त (आईएएनएस)। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 की शुरुआत 30 अगस्त से चंडीगढ़ के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में हो रही है। लीग का यह पहला संस्करण है। लीग में छह टीमें खिताब के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगी।

फाजिल्का फाल्कन्स की कप्तानी भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल करेंगे। फिलहाल श्रीलंका में मौजूद कप्तान गिल ने अपनी टीम के भेजे संदेश में कहा, "मैं फाजिल्का फाल्कन्स को लीड करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। हमारे पास खिलाड़ियों का एक बहुत ही प्रतिभाशाली और रोमांचक ग्रुप है। मैं टीम के साथ काम करने के लिए वास्तव में उत्सुक हूं। यह हम सभी के लिए एक-दूसरे से सीखने और कुछ अच्छा क्रिकेट खेलने का एक शानदार मौका होगा।"

शुभमन गिल ने लीग का आयोजन करने और युवा क्रिकेटरों को अपने करियर में अगला कदम उठाने के लिए एक प्लैटफॉर्म देने के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, "मैं शेर-ए-पंजाब टी20 लीग आयोजित करने के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को धन्यवाद देना चाहता हूं। यह पंजाब के युवा और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के लिए एक बहुत जरूरी प्लैटफॉर्म है। उन्हें अच्छे खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने और अनुभव हासिल करने के साथ ही अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। उनमें से कई इस टूर्नामेंट का इस्तेमाल बड़े मौकों के लिए एक सीढ़ी के तौर पर कर सकते हैं।"

गिल सबसे ऊंचे स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के बाद फाजिल्का फाल्कन्स टीम के युवा सदस्यों के साथ अपना अनुभव साझा करने के भी उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, "युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी काबिलियत पर भरोसा करना और दबाव में होने पर शांत रहना जरूरी है। मैं उन्हें गेम को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना चाहता हूं, चाहे वह स्थिति को समझने की बात हो, फैसले लेने की बात हो या दबाव को संभालने की। ये चीजें अनुभव के साथ आती हैं। मैं जो कुछ भी सीखा हूं उसे साझा कर सकूं, तो यह मेरे लिए भी एक अच्छा मौका होगा।"

गिल ने कहा, "ट्रॉफी जीतना हमारा लक्ष्य होगा, लेकिन मेरे लिए, सफलता हमारी टीम के युवा खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के दौरान आगे बढ़ते हुए देखना भी होगा।"

--आईएएनएस

पीएके

Share this story