Samachar Nama
×

यूथ टेस्ट: तन्मय ने सिर्फ 32 रन देकर झटके 6 विकेट, ऑस्ट्रेलियाई पारी 174 रन पर ढेर

अहमदाबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच सोमवार से टेस्ट सीरीज के दूसरे और अंतिम अनौपचारिक मैच की शुरुआत हो गई है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को 174 रन पर समेटने के बाद भारत ने 2 विकेट खोकर 38 रन बना लिए हैं।

अहमदाबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच सोमवार से टेस्ट सीरीज के दूसरे और अंतिम अनौपचारिक मैच की शुरुआत हो गई है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी इस मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को 174 रन पर समेटने के बाद भारत ने 2 विकेट खोकर 38 रन बना लिए हैं।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में 73 ओवरों का सामना कर सकी। इस टीम ने महज 7 के स्कोर पर कप्तान मैथ्यू लॉफ (5) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद नील पटेल ने मोर्चा संभाला। नील ने हेडन बारबुलोविक के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन, जबकि एली ब्रेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन जोड़कर टीम को 50 के स्कोर तक पहुंचाया।

हेडन ने टीम के खाते में 8 रन का योगदान दिया, जबकि एली 4 रन बनाकर आउट हुए। 59 के स्कोर तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने नील पटेल का विकेट भी गंवा दिया, जो 58 गेंदों में 2 चौकों के साथ 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस टीम को 65 के स्कोर तक 6 झटके लग गए थे। यहां से जैकब पीत्ज ने चार्ली हेंडरसन के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रन जोड़कर मेहमानों को शतक के पार पहुंचाया। चार्ली 4 चौकों के साथ 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जैकब ने 26 रन और पैट्रिक सुलिवन ने 20 रन टीम के खाते में जोड़े।

भारत की तरफ से तन्मय बलोदा ने 25 ओवरों में 32 रन देकर 6 विकेट निकाले, जबकि अयान अकरम ने 2 विकेट चटकाए। मोहित उल्वा और प्रियांशु सिंह ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में भारत की अंडर-19 टीम ने दिन की समाप्ति तक 15 ओवरों का सामना किया, जिसमें 2 विकेट गंवाकर 38 रन बनाए। मेजबान टीम को 8 के स्कोर पर लक्ष्य राजेश रायचंदानी (1) के रूप में झटका लग गया था, जिसके बाद कुशाग्र ओझा ने सागर विर्क के साथ दूसरे विकेट के लिए 20 रन जोड़े।

सागर 16 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कुशाग्र ने कप्तान यशबर्धन चौहान के साथ तीसरे विकेट के लिए 10 रन की अटूट साझेदारी की। पहले दिन की समाप्ति तक कुशाग्र 13 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि यशबर्धन ने टीम के खाते में 7 रन जोड़ लिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई खेमे से थॉमस वासेओ और स्पेंसर ग्रीन ने 1-1 विकेट हासिल कर लिया है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story