वुहान ओपन: स्वियातेक के नाम सीजन की 40वीं जीत, स्वितोलिना ने सैमसनोवा को हराया
वुहान, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। वुहान ओपन में पोलैंड की इगा स्वियातेक ने बुधवार को हमवतन मैग्डेलेना फ्रेच को मात देकर इस सीजन की अपनी 40वीं जीत दर्ज की, जबकि एलिना स्वितोलिना ने ल्यूडमिला सैमसोनोवा के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए तीसरे दौर में जगह बनाई। इस जीत के साथ दोनों खिलाड़ी सीजन के आखिर में होने वाले डब्ल्यूटीए फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में बनी हुई हैं।
सातवीं वरीयता प्राप्त स्वियातेक ने मैग्डेलेना फ्रेच को 1 घंटे 43 मिनट तक चले मुकाबले में 6-2, 6-1 से मात देकर डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट्स में अपने करियर की 149वीं जीत दर्ज की। इसी के साथ स्वियातेक ने सेरेना विलियम्स की 148 जीत के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। वह इस लिस्ट में सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं।
'एटीपी' के अनुसार जीत के बाद स्वियातेक ने कहा, "मैं सेंटर कोर्ट पर पहला मैच खेलकर खुश हूं, क्योंकि मुझे पहले वहां खेलने का मौका नहीं मिला था। मैच की शुरुआत में मुकाबला एक-एक प्वाइंट का था, लेकिन बाद में मुझे खुशी हुई कि मैंने कम गलतियां कीं और मैच के आखिर तक अपने मौकों का सही इस्तेमाल किया। निश्चित रूप से यह स्कोर से कहीं ज्यादा मुश्किल मैच था।"
पोलैंड की इस खिलाड़ी ने अब लगातार पांच सीजन में कम से कम 40 जीत दर्ज की हैं, हालांकि उन्होंने माना कि 2026 में लगातार अच्छा प्रदर्शन बनाए रखना काफी चुनौतीपूर्ण रहा है।
स्वियातेक ने कहा, "हर साल इतना अलग रहा है कि इसके लिए कोई खास तरीका या समाधान नहीं है। मुझे खुशी है कि हर साल अलग-अलग चुनौतियां होने के बावजूद मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पा रही हूं। निश्चित रूप से यह साल सबसे मुश्किल रहा है, इसलिए हर जीत बहुत मायने रखती है और जाहिर है कि मैं ज्यादा से ज्यादा जीत हासिल करने की कोशिश करूंगी।"
स्वियातेक का अगला मुकाबला ऐशलिन क्रूगर या लनलाना तारा-रुडी में से किसी एक से होगा।
दूसरी तरफ, पांचवीं सीड स्वितोलिना ने सैमसोनोवा को 6-2, 5-7, 6-2 से मात दी। यूक्रेनी खिलाड़ी ने शुरुआत में बढ़त बना ली थी, लेकिन सैमसोनोवा ने दो मैच प्वाइंट्स बचाकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचाया। स्वितोलिना ने वापसी करते हुए जीत सुनिश्चित की और रूसी खिलाड़ी के खिलाफ अपना 'हेड-टू-हेड' रिकॉर्ड 2-0 कर लिया। तीसरे राउंड में स्वितोलिना का मुकाबला केटी वोलिनेट्स या हान्यू गुओ से होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी

