Samachar Nama
×

डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर: ओइकावा के खिलाफ रोमांचक जीत, स्नेहित ने मेंस सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

चेन्नई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। स्नेहित सुरवज्जुला ने शुक्रवार को जापान की 13वीं सीड मिजुकी ओइकावा के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए मेंस सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। राउंड ऑफ 16 में उनका सामना टॉप सीड ओह जुनसुंग से होगा।

शुक्रवार को तमिलनाडु फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में हुए मुकाबले में स्नेहित ने 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया। इसके बाद हिम्मत दिखाते हुए अपना तीसरा मैच प्वाइंट 3-2 (9-11, 15-17, 11-4, 11-6, 18-16) से जीतकर राउंड ऑफ 16 में टॉप सीड ओह जुनसुंग के खिलाफ मैच तय किया।

यह बताते हुए कि पांचवें गेम के आखिर में उनके दिमाग में क्या चल रहा था, स्नेहित ने कहा, "मैं बस खुद से कह रहा था कि एक बार में एक प्वाइंट पर फोकस करूं और स्कोर के बारे में न सोचूं, क्योंकि मैंने शुरुआती दो मैच प्वाइंट्स पर गलतियां की थीं।"

25 वर्षीय स्नेहित ने कहा कि वह बिना किसी उम्मीद के मैच में उतरे थे, लेकिन पहले दो गेम हारने से उन्हें असल में यह आत्मविश्वास मिला कि वह मुकाबला कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "मैं पहला गेम 9-11 से हार गया था। मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि मैं उनके स्तर की बराबरी कर पाऊंगा। फिर मैं दूसरा गेम हार गया, लेकिन इससे मुझे अगला गेम जीतने का आत्मविश्वास मिला।"

इससे पहले, साथियान जी. और हरमीत देसाई की अनुभवी मेंस डबल्स जोड़ी ने फ्लोरियन बौरासॉड और एस्टेबन डोर की तीसरी सीडेड फ्रेंच जोड़ी को 3-0 (11-7, 11-9, 11-7) से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना कोरिया की दूसरी सीडेड जोड़ी लिम जोंगहून और ओह जुनसुंग से होगा।

इस बीच, वाइल्ड कार्ड एंट्री पायस जैन और सिंड्रेला दास ने टॉप सीड मानुष शाह और दीया चितले को 3-1 (12-10, 13-11, 10-12, 11-9) से शिकस्त देकर मिक्स्ड डबल्स सेमीफाइनल में जगह बनाई।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags