Samachar Nama
×

वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश टीम चैंपियनशिप: भारत की पुरुष और महिला टीम ने कटाया क्वार्टर फाइनल का टिकट

ओंटारियो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश टीम चैंपियनशिप में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। पुरुष टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में कुवैत को 2-1 से हराया, जबकि महिला टीम ने ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 3-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की।

ओंटारियो, 29 जुलाई (आईएएनएस)। वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश टीम चैंपियनशिप में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। पुरुष टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में कुवैत को 2-1 से हराया, जबकि महिला टीम ने ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 3-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की।

पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम को कुवैत के खिलाफ जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। पहले मैच में युशा नफीस को कुवैत के अब्दुल्ला अली के खिलाफ सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की।

दूसरे मुकाबले में आर्यवीर दीवान ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खालिद वलीद अल फौजैन को 11-5, 11-6 और 11-5 से हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्णायक मैच में गुरवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब्दुल रहमान अल सानिया को 11-3, 11-3 और 11-4 से हराकर भारत को 2-1 की जीत दिलाई।

जीत के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच हरिंदर पाल सिंह संधू ने खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कुवैत के अब्दुल्ला अली ने पहले मैच में शानदार खेल दिखाया और भारत को शुरुआत में दबाव में डाल दिया था। हालांकि, टीम के अन्य खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा और बेहतरीन वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अब भारतीय पुरुष टीम का सामना क्वार्टर फाइनल में मजबूत इंग्लैंड से होगा। संधू ने कहा कि इंग्लैंड एक बेहतरीन टीम है, लेकिन उनके खिलाड़ियों ने पिछले सप्ताह व्यक्तिगत प्रतियोगिता में इंग्लैंड के खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबले खेले हैं। ऐसे में टीम उस अनुभव का फायदा उठाकर अच्छी रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।

दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। पहले मैच में रुद्र सिंह ने मकायला नायडू को 11-4, 11-5 और 11-3 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारत की स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रियाना रॉबिन्सन को 11-1, 11-1 और 11-3 से हराया। तीसरे मुकाबले में सान्वी कलंकी ने विविएन वैन डेर शिफ को 11-4, 11-3 और 11-3 से हराकर भारत की 3-0 से जीत सुनिश्चित की। इस शानदार जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने ग्रुप चरण का समापन जीत के साथ किया और आत्मविश्वास के साथ नॉकआउट दौर में प्रवेश किया है। अब क्वार्टर फाइनल में महिला टीम का मुकाबला संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) से होगा।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags