Samachar Nama
×

विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: नीदरलैंड सिर्फ 57 रन पर ढेर, श्रीलंका ने 9 विकेट से दर्ज की दमदार जीत

अजमान, 22 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 'सुपर-6' मुकाबले में श्रीलंका ने नीदरलैंड के खिलाफ 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की। यह मुकाबला रविवार को कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। शानदार गेंदबाजी के लिए कविशा दिलहारी (8 रन देकर 2 विकेट) को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

अजमान, 22 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 'सुपर-6' मुकाबले में श्रीलंका ने नीदरलैंड के खिलाफ 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की। यह मुकाबला रविवार को कारवां क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। शानदार गेंदबाजी के लिए कविशा दिलहारी (8 रन देकर 2 विकेट) को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी नीदरलैंड की टीम 17.4 ओवरों में सिर्फ 57 रन पर सिमट गई। इस टीम को महज 1 के स्कोर पर सान्या खुराना (0) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद कप्तान स्टेरे कैलिस ने मोर्चा संभालने की कोशिश की। उन्होंने फीबे मोल्केनबोअर (7) के साथ दूसरे विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी की, जिसके बाद आइरिस ज्विलिंग के साथ छठे विकेट के लिए 19 रन जुटाए।

कैलिस 40 गेंदों में 2 चौकों के साथ 26 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ज्विलिंग ने 22 गेंदों में 14 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, किसी अन्य बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा तक नहीं छुआ। विपक्षी खेमे से निमाशा मीपेज और कविशा दिलहारी ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि सत्या संदीपनी और चेतना विमुक्ति को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में श्रीलंका ने महज 7.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी जोड़ी के रूप में विष्मी गुणरत्ने और इमेशा दुलानी के बीच 13 रन की साझेदारी हुई। इमेशा 7 गेंदों में 1 चौके के साथ 6 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद गुणरत्ने ने कप्तान हर्षिता समरविक्रमा के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 45 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

गुणरत्ने 23 गेंदों में 5 चौकों के साथ 29 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि हर्षिता ने 14 गेंदों में 3 चौकों के साथ नाबाद 21 रन बनाए। विपक्षी खेमे से इकलौता विकेट आइरिस ज्विलिंग के हाथ लगा, जिन्होंने 3 ओवरों में महज 16 रन देकर 1 विकेट झटका।

'सुपर-6' की प्वाइंट्स टेबल में श्रीलंका लगातार दो मैच जीतकर शीर्ष पर है, जबकि पाकिस्तान और नीदरलैंड क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। श्रीलंकाई टीम अपना अगला मैच 23 नवंबर को पाकिस्तान के विरुद्ध खेलेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story