Women Cricket: वैष्णवी शर्मा ने 4 गेंदों में झटके 4 विकेट, डबल हैट्रिक लेकर रचा इतिहास; मध्य प्रदेश को दिलाई जीत
भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती हुई स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से तहलका मचा दिया है। 2026 विमेंस टी20 ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए वैष्णवी ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर डबल हैट्रिक पूरी की। उन्होंने आंध्र के खिलाफ मुकाबले में यह शानदार कारनामा किया। इसके साथ ही वह हुमैरा काजी के बाद डबल हैट्रिक लेने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बन गईं।
शुक्रवार, 6 नवंबर को न्यू चंडीगढ़ में मध्य प्रदेश और आंध्र के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में वैष्णवी ने आंध्र की पारी के आखिरी ओवर में लगातार चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत आंध्र की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 129 रन ही बना सकी।
20वें ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट
वैष्णवी शर्मा ने आंध्र की पारी के 20वें ओवर में डबल हैट्रिक का कारनामा किया। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर हेन्रिएटा परीरा को आउट किया। इसके बाद चौथी गेंद पर अंजलि सरवानी, पांचवीं गेंद पर अखिला पावनी और छठी गेंद पर शबनम शकील का विकेट हासिल किया।
इस तरह वैष्णवी ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर आंध्र की पारी को झटका दिया। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 22 रन देकर कुल छह विकेट चटकाए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 5.50 रही।
हुमैरा काजी के बाद दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी
क्रिकेट में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेने को हैट्रिक कहा जाता है, जबकि लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का कारनामा डबल हैट्रिक कहलाता है। वैष्णवी से पहले हुमैरा काजी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी थीं। अब वैष्णवी ने भी इस खास सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
टीम इंडिया के लिए वनडे और टी20 खेल चुकी हैं वैष्णवी
वैष्णवी शर्मा भारतीय महिला टीम के लिए सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेल चुकी हैं। वह अब तक तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुकी हैं।
वनडे क्रिकेट की तीन पारियों में उन्होंने नौ विकेट हासिल किए हैं। वहीं, टी20 इंटरनेशनल की पांच पारियों में उनके नाम पांच विकेट हैं। सबसे छोटे फॉर्मेट में उनकी इकॉनमी 6.26 रही है।
अनुष्का शर्मा की पारी से मध्य प्रदेश ने जीता मैच
वैष्णवी की शानदार गेंदबाजी के बाद मध्य प्रदेश की बल्लेबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। आंध्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 129 रन बनाए। टीम की ओर से हेन्रिएटा परीरा ने 59 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। उनके अलावा कोई दूसरी बल्लेबाज 25 रन तक नहीं पहुंच सकी।
130 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने 15.1 ओवर में ही एक विकेट खोकर 133 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मध्य प्रदेश की जीत की सबसे बड़ी हीरो ओपनर अनुष्का शर्मा रहीं। उन्होंने 53 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और छह छक्के शामिल थे। दूसरी ओपनर आयुषी शुक्ला ने 29 गेंदों पर 37 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे।
इस मुकाबले में वैष्णवी की ऐतिहासिक गेंदबाजी और अनुष्का की तूफानी बल्लेबाजी ने मध्य प्रदेश को शानदार जीत दिलाई।

