Samachar Nama
×

विमेंस बिग बैश लीग: सिडनी सिक्सर्स ने 'हरफनमौला' एलिस कैप्सी को अपने साथ जोड़ा

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। सिडनी सिक्सर्स ने विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 12 के लिए मेलबर्न रेनेगेड्स से इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एलिस कैप्सी को अपने साथ जोड़ा है।

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। सिडनी सिक्सर्स ने विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 12 के लिए मेलबर्न रेनेगेड्स से इंग्लैंड की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एलिस कैप्सी को अपने साथ जोड़ा है।

फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने पर खुशी जताते हुए कैप्सी ने कहा, "मैं इस सीजन में सिडनी सिक्सर्स से जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। डब्ल्यूबीबीएल दुनिया की सबसे अच्छी प्रतियोगिताओं में से एक है और इतनी मजबूत प्रतिष्ठा और इतिहास वाले क्लब का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना वाकई खास है। मुझे ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अपना पिछला अनुभव बहुत पसंद आया। मैं वहां वापस लौटने और सिक्सर्स का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हूं।"

बैटिंग ऑलराउंडर कैप्सी ने अपने शानदार करियर में एक और हुनर ​​जोड़ते हुए आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली थी।

कैप्सी एक बेहतरीन बल्लेबाज और शानदार ऑफ-स्पिनर हैं, लेकिन आयरलैंड के खिलाफ विकेटकीपिंग करने से सिक्सर्स को हर विभाग में विविधता मिली है, खासकर तब जब एमी जोन्स को आराम दिया जा रहा था। जूनियर क्रिकेट के बाद ऐसा पहली बार था, जब कैप्सी ने विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने थे।

एमा मैनिक्स-गीव्स ने क्लब के साथ दोबारा कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया है, जिसके चले सिक्सर्स के पास फिलहाल कोई विकेटकीपर नहीं है।

सिक्सर्स के कोच पीटर क्लार्क ने कैप्सी का स्वागत करते हुए बताया कि टीम कॉम्बिनेशन के लिए वह कितनी अहम हो सकती हैं।

पीटर ने कैप्सी के विकेटकीपिंग करने को लेकर कहा, "जरूरत पड़ने पर ऐसा विकल्प होना अच्छी बात है। चाहे हमारे मुख्य विकेटकीपर को चोट लग जाए... या आप अपनी टीम लिस्ट के साथ कुछ अलग करने का फैसला करें। कोई खिलाड़ी जितना ज्यादा हरफनमौला होता है, कोचिंग स्टाफ के तौर पर आपके पास अलग-अलग कॉम्बिनेशन आजमाने के उतने ही ज्यादा विकल्प होते हैं। इसलिए उनके पास यह अतिरिक्त हुनर ​​होना फायदे की बात है। वह गेंदबाजी भी कर सकती हैं। वह अच्छी फील्डर भी हैं और जाहिर है, एक अच्छी बल्लेबाज भी हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि अपने बेहतरीन फॉर्म में वह एक शानदार खिलाड़ी साबित हो सकती हैं। हम सिक्सर्स में उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं। उम्मीद है कि हम उन्हें ऐसा माहौल दे पाएंगे जिससे वह लगातार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें और क्लब की सफलता में योगदान दे सकें।"

रिटायर हो चुकीं एलिसा हीली के स्थान पर कैप्सी सिक्सर्स के लिए अहम होंगी। वह सिक्सर्स की टीम में अपनी साथी खिलाड़ी सोफिया डंकले, एलिस पेरी और अमेलिया केर के साथ खेलेंगी। उन्होंने पिछले दो सीजन मेलबर्न रेनेगेड्स के साथ बिताए और ऑस्ट्रेलियाई लीग के 2022/23 और 2023/24 सीज़न में शहर की ही प्रतिद्वंद्वी टीम मेलबर्न स्टार्स के लिए खेला था।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story