Samachar Nama
×

विमेंस एशिया कप: मंधाना-शेफाली की जोड़ी का कमाल, फाइनल में ऐतिहासिक साझेदारी कर हासिल किया बड़ा मुकाम

दुबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने जबरदस्त शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े। इस साझेदारी के साथ ही मंधाना-शेफाली की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है।

दुबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने जबरदस्त शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े। इस साझेदारी के साथ ही मंधाना-शेफाली की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है।

शेफाली और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 129 रन जोड़े। यह विमेंस टी20 एशिया कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। शेफाली और मंधाना की जोड़ी ने जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। दीप्ति-जेमिमा ने 2022 में 128 रनों की साझेदारी निभाई थी। यह किसी भी विमेंस टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में की गई सबसे बड़ी साझेदारी भी है।

शेफाली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह विमेंस टी20 एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में 25 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। शेफाली ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 68 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, मंधाना ने 39 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।

विमेंस टी20 क्रिकेट में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों अब सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां करने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गई हैं। मंधाना और शेफाली ने छठी बार 100 या उससे अधिक रनों की साझेदारी की है, जिससे उन्होंने यूएई की ईशा ओझा और तीर्थ सतीश की जोड़ी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शेफाली ने विमेंस एशिया कप 2026 में तीसरा अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने एशिया कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा अर्धशतकीय पारी खेलने के मामले में चमारी अटापट्टू के रिकॉर्ड की बराबरी भी की। अटापट्टू ने 2024 में तीन अर्धशतक लगाए थे।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story