15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ एक भी मैच क्यों नहीं मिला? वीडियो में जाने गौतम गंभीर ने बताई वजह
भारतीय क्रिकेट टीम के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। वैभव को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे कि इतनी कम उम्र में शानदार प्रतिभा दिखाने वाले इस खिलाड़ी को प्लेइंग-11 में जगह क्यों नहीं दी गई। अब टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने इस सवाल का जवाब दिया है।
गौतम गंभीर ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि टीम में चयन के लिए खिलाड़ी की उम्र मायने नहीं रखती। चाहे खिलाड़ी 15 साल का हो या 30 साल का, अगर उसे टीम में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है तो उसे इंतजार करना होगा। गंभीर ने कहा कि वैभव के साथ इस मामले में पहले से ही बातचीत स्पष्ट थी और उसे बताया गया था कि जब भी उसे मौका मिलेगा, लगातार मौके दिए जाएंगे।
गंभीर ने कहा कि टीम मैनेजमेंट वैभव की प्रतिभा से पूरी तरह वाकिफ है। उन्हें पता है कि वैभव किस तरह की बल्लेबाजी कर सकता है और उसमें कितनी क्षमता है। हालांकि, टीम में पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों को उनके अनुभव और लगातार प्रदर्शन के आधार पर प्राथमिकता मिलना स्वाभाविक है।हेड कोच ने कहा कि जो खिलाड़ी पिछले दो साल से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, वह उस खिलाड़ी से आगे रहेगा जो अभी-अभी टीम में आया है। ऐसे में वैभव को अपनी बारी का इंतजार करना होगा। गंभीर के मुताबिक, यह फैसला वैभव की प्रतिभा पर सवाल नहीं है, बल्कि टीम में मौजूद खिलाड़ियों के प्रदर्शन और निरंतरता को देखते हुए लिया गया फैसला है।
गौतम गंभीर ने इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को दोबारा मौका दिए जाने के फैसले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन चुका है, वह अचानक खराब खिलाड़ी नहीं हो जाता। गंभीर ने कहा कि संजू सैमसन को इंग्लैंड सीरीज से बाहर रखना उनके कोचिंग कार्यकाल के शायद सबसे मुश्किल फैसलों में से एक था।गंभीर के बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को भविष्य की योजनाओं में जरूर देख रहा है, लेकिन मौजूदा टीम में जगह प्रदर्शन, निरंतरता और परिस्थितियों के आधार पर तय की जा रही है। वैभव सूर्यवंशी के लिए फिलहाल चुनौती टीम में अपनी जगह बनाने की है। उन्हें जब भी मौका मिलेगा, टीम मैनेजमेंट उनसे लगातार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा।

