WCL 2026: इंग्लैंड ने भारत को 21 रन से हराया, रायुडू-उथप्पा की पारी भी नहीं दिला सकी जीत
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2026) में इंडिया चैंपियंस को अपने दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। युवराज सिंह की गैरमौजूदगी में हरभजन सिंह ने टीम की कमान संभाली, लेकिन भारतीय टीम 193 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। अंबाती रायुडू और रॉबिन उथप्पा ने तेज पारियां जरूर खेलीं, मगर टीम को जीत तक नहीं पहुंचा पाए।
इंग्लैंड ने बनाए 192 रन
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड चैंपियंस ने निर्धारित ओवरों में 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। रवि बोपारा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83 रन की पारी खेली, जबकि समित पटेल ने 57 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
भारत की तरफ से हरभजन सिंह और स्टुअर्ट बिन्नी की गेंदबाजी महंगी साबित हुई। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इन गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बटोरे और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
रायुडू और उथप्पा ने जगाई उम्मीद
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया चैंपियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 76 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद अंबाती रायुडू ने पारी को संभालने की कोशिश की।
रायुडू ने 31 गेंदों में 47 रन बनाए। वहीं रॉबिन उथप्पा ने सिर्फ 12 गेंदों का सामना करते हुए 31 रन ठोककर मैच में भारतीय टीम की वापसी की उम्मीद जगाई। हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद भारत की पारी दोबारा दबाव में आ गई।
पठान ब्रदर्स भी नहीं चले
भारत के लिए यूसुफ पठान और इरफान पठान भी बल्ले से खास योगदान नहीं दे सके। यूसुफ सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इरफान के बल्ले से 10 रन निकले। स्टुअर्ट बिन्नी तो अपना खाता भी नहीं खोल सके।
आखिरकार इंडिया चैंपियंस की पूरी टीम 171 रन तक ही पहुंच सकी और उसे 21 रन से मुकाबला गंवाना पड़ा।
WCL 2026 में भारत की पहली हार
WCL 2026 में यह इंडिया चैंपियंस की पहली हार है। टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को 46 रन से मात दी थी। उस मैच में युवराज सिंह ने 44 गेंदों पर 71 रन की शानदार पारी खेली थी।
लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ युवराज टीम का हिस्सा नहीं थे और हरभजन सिंह ने कप्तानी संभाली। दूसरे मैच में हार के बावजूद भारत के खाते में 2 अंक हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
इस सीजन WCL में भारत के अलावा पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की लीजेंड्स टीमें हिस्सा ले रही हैं।

