विराट कोहली ने बनवाया 12वां टैटू, बाएं हाथ पर दिखा खास डिजाइन; वीडियो में देंखे 5 सेशन के बाद भी काम अधूरा
भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर अपने नए टैटू को लेकर सुर्खियों में हैं। कोहली ने अपने बाएं हाथ पर एक नया टैटू बनवाना शुरू किया है, जो उनके पुराने डिजाइन से जुड़ता हुआ नजर आ रहा है। यह उनके शरीर का 12वां टैटू बताया जा रहा है। नए टैटू की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस इसके डिजाइन को लेकर काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिजाइन अभी पूरा नहीं हुआ है और इसे तैयार करने के लिए अब तक पांच सेशन हो चुके हैं।
पानी में गिरती बूंद से बनने वाली लहरों जैसा डिजाइन
विराट कोहली का नया टैटू उनके बाएं बाइसेप के पास बनाया जा रहा है। इसका पैटर्न पानी की सतह पर किसी बूंद के गिरने के बाद बनने वाली लहरों जैसा दिखाई देता है। खास बात यह है कि नया डिजाइन उनके पहले से मौजूद टैटू के साथ इस तरह जोड़ा जा रहा है, जिससे पूरे हाथ पर एक कनेक्टेड आर्टवर्क तैयार हो सके।मुंबई के टैटू आर्टिस्ट एलन गोइस के मुताबिक, इस डिजाइन को बनाने के लिए अभी तक पांच सेशन हो चुके हैं, लेकिन टैटू का काम फिलहाल पूरा नहीं हुआ है। आर्टिस्ट ने विराट कोहली और अन्य टैटू आर्टिस्ट्स के साथ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिसके बाद क्रिकेट फैंस के बीच इस नए टैटू की चर्चा तेज हो गई।
टैटू के जरिए जिंदगी से जुड़े पहलुओं को दर्शाते हैं कोहली
विराट कोहली लंबे समय से टैटू को अपने व्यक्तित्व और जीवन के अलग-अलग पहलुओं से जोड़ते रहे हैं। उनके शरीर पर कई ऐसे टैटू हैं, जिनका संबंध उनके परिवार, आध्यात्मिक विश्वास और क्रिकेट करियर से बताया जाता है।कोहली के शरीर पर उनके माता-पिता सरोज और प्रेम के नाम भी टैटू के रूप में मौजूद हैं। इसके अलावा भगवान शिव और ओम से जुड़े डिजाइन भी उनके टैटू कलेक्शन का हिस्सा हैं। उनके कई पुराने टैटू समय के साथ एक बड़े आर्टवर्क का हिस्सा बनते जा रहे हैं।
इस साल पहले भी दिखाया था बड़ा टैटू
विराट कोहली ने इस साल की शुरुआत में भी अपने बाएं हाथ पर बने बड़े डिजाइन को लेकर लोगों का ध्यान खींचा था। मार्च 2026 में सामने आए उनके नए आर्टवर्क में कमल और पेनी फ्लावर समेत कई डिजाइन शामिल थे। टैटू आर्टिस्ट्स के मुताबिक, यह काम कोहली के जीवन में आए बदलाव और उनकी व्यक्तिगत यात्रा को दर्शाने वाले एक बड़े स्लीव डिजाइन का हिस्सा है।नए टैटू को भी इसी तरह पुराने डिजाइनों के साथ जोड़कर तैयार किया जा रहा है। ऐसे में फैंस अब इसके पूरी तरह तैयार होने का इंतजार कर रहे हैं। विराट कोहली के लिए टैटू सिर्फ फैशन का हिस्सा नहीं रहे हैं, बल्कि उनके जीवन, विचारों और व्यक्तिगत सफर से जुड़े प्रतीकों के तौर पर भी देखे जाते हैं।

