Samachar Nama
×

यूटीटी 2026: यूपी ने मानव ठक्कर और यांग्जी लियू को जोड़ा, चितले लगातार दूसरे साल सबसे महंगी भारतीय

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी प्रोमेथियंस ने मंगलवार को मुंबई में हुई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 की नीलामी में भारत के टॉप स्टार मानव ठक्कर और दो बार की लीग एमवीपी यांग्जी लियू को एक शानदार जोड़ी के रूप में अपनी टीम में शामिल किया।
यूटीटी 2026: यूपी ने मानव ठक्कर और यांग्जी लियू को जोड़ा, चितले लगातार दूसरे साल सबसे महंगी भारतीय

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी प्रोमेथियंस ने मंगलवार को मुंबई में हुई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 की नीलामी में भारत के टॉप स्टार मानव ठक्कर और दो बार की लीग एमवीपी यांग्जी लियू को एक शानदार जोड़ी के रूप में अपनी टीम में शामिल किया।

मौजूदा चैंपियन बर्नाडेट स्जोक्स 40 लाख टोकन के साथ सबसे महंगी खिलाड़ी बनीं और दो बार की विजेता टीम डेम्पो गोवा चैलेंजर्स में शामिल हो गईं। वहीं, दीया चितले लगातार दूसरे साल सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बनीं और 37.4 लाख टोकन में पीबीजी पुणे जैगुअर्स टीम से जुड़ीं।

चितले के इंटरनेशनल डबल्स पार्टनर मानुष शाह को यू मुंबा टीटी ने 37.2 लाख टोकन में खरीदा, जिससे उनकी टीम की लाइन-अप और मजबूत हो गई, जिसमें पहले से ही आकाश पाल शामिल थे। 15 वर्षीय दिव्यांशी भौमिक बटलरफ्लाई यूटीटी टीम में शामिल होने वाली अब तक की सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं, जिन्हें साथियन ज्ञानशेखरन की कप्तानी वाली टीम दबंग दिल्ली टीटीसी में जगह मिल। वहीं, 16 वर्षीय सिंड्रेला दास को डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने अपनी टीम में शामिल किया।

मौजूदा चैंपियन यू मुंबा टीटी ने शुरुआत में तो कोई खास बोली नहीं लगाई, लेकिन बाद में दांव खेलते हुए भारत के लिए इतिहास रचने वाले मानुष शाह को अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही उन्होंने लिलियन बार्डेट को भी वापस अपनी टीम में बुलाया और वेल्स की अन्ना हर्सी को भी शामिल करके अपनी टीम को पूरा किया।

किसी भी खिलाड़ी को रिटेन न करने का फैसला करते हुए, पीबीजी पुणे जैगुअर्स ने चितले पर बड़ा दांव लगाया और उन्हें अनुभवी स्नेहित एसएफआर और फ्रांस की पृथिका पावाडे के साथ टीम में शामिल किया। मुदित दानी, उमर असर और सयानिका माझी ने टीम की लाइन-अप पूरी की।

दो बार की चैंपियन डेम्पो गोवा चैलेंजर्स की नीलामी की रणनीति में विदेशी खिलाड़ियों के लिए अनुभव को प्राथमिकता दी गई, जिसमें स्पेन के और बटरफ्लाई यूटीटी के नियमित खिलाड़ी अल्वारो रोबल्स उस टीम में वापस लौटे, जिसके साथ उन्होंने 2023 में खिताब जीता था।

सीजन-2 की चैंपियन दबंग दिल्ली टीटीसी ने मारिया शियाओ को वापस टीम में शामिल किया, जिससे साथियान के साथ उनकी मजबूत डबल्स जोड़ी एक बार फिर बन गई। उन्होंने अपनी टीम की लाइन-अप पूरी करने के लिए भौमिक, एशियन गेम्स की पदक विजेता सुतीर्था मुखर्जी, यूसुफ अब्देलअजीज और रेगन अल्बुकर्क को भी टीम में शामिल किया।

जर्मनी के दिग्गज खिलाड़ी रिकार्डो वाल्थर, भारत के सुधांशु ग्रोवर, और युवा खिलाड़ी स्वस्तिका घोष और सयाली वानी ने नीलामी में यूपी की पहली भागीदारी के दौरान ठक्कर और लियू का साथ दिया।

कोलकाता थंडर ब्लेड्स के साथ शामिल होते हुए, भारत के उभरते सितारे अंकुर भट्टाचार्जी, जिन्हें टीम ने रिटेन किया था, उन्होंने बेहद शांत और संयमित अंदाज दिखाया। उन्होंने टीम को एक संतुलित यूनिट बनाने में अहम सुझाव दिए, जिसमें अयहिका मुखर्जी, एडुआर्ड इओनेस्कु, तनीशा कोटेचा, जीत चंद्रा और जेंग जियान जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने नीलामी से पहले ही एक बड़ा कदम उठाया, जब फ्रेंचाइजी ने भारत की महान खिलाड़ी मनिका बत्रा को रिटेन करने का फैसला किया।

यूटीटी सीजन 7 की शुरुआत 9 जुलाई से होगी। यह टूर्नामेंट 26 जुलाई तक गोवा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेला जाएगा। यूटीटी सीजन 7 में 7 टीमें एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। यह मुकाबला 'सिंगल राउंड-रॉबिन' फॉर्मेट में होगा, जिसमें लीग चरण के दौरान हर टीम बाकी सभी टीमों से एक बार जरूर भिड़ेगी। लीग चरण के बाद, शीर्ष चार टीमें 'नॉकआउट' चरण में प्रवेश करेंगी।

अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स: मनिका बत्रा, एड्रियन रासेनफोसे (बेल्जियम), काव्या भट्ट, सानिल शेट्टी, सोफिया पोल्कानोवा (ऑस्ट्रिया), पायस जैन।

दबंग दिल्ली टीटीसी: साथियान ज्ञानसेकरन, दिव्यांशी भौमिक, मारिया जिओ (स्पेन), यूसुफ अब्देलअजीज (मिस्र), रेगन अल्बुकर्क, सुतीर्था मुखर्जी।

डेम्पो गोवा चैलेंजर्स: बर्नाडेट स्जोक्स (रोमानिया), सिंड्रेला दास, अल्वारो रोबल्स (स्पेन), दिव्यांश श्रीवास्तव, अनन्या चंदे, अभिनंद पीबी।

कोलकाता थंडर ब्लेड्स: अंकुर भट्टाचार्जी, अयहिका मुखर्जी, एडुआर्ड इओनेस्कु (रोमानिया), तनीशा कोटेचा, ज़ेंग जियान (सिंगापुर), जीत चंद्रा।

पीबीजी पुणे जगुआर: दीया चितले, पृथिका पावड़े (फ्रांस), स्नेहित एसएफआर, मुदित दानी, उमर असार (मिस्र), सयानिका माजी।

यू मुंबा टीटी: मानुष शाह, आकाश पाल, लिलियन बार्डेट (फ्रांस), अन्ना हर्से (वेल्स), नित्यश्री मणि, अनुषा कुटुम्बले।

यूपी प्रोमेथियंस: मानव ठक्कर, यांग्जी लियू (ऑस्ट्रेलिया), रिकार्डो वाल्थर (जर्मनी), सयाली वानी, सुधांशु ग्रोवर, स्वास्तिका घोष।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags