Samachar Nama
×

'उम्मीद है यह आखिरी दफा नहीं होगा,' फेडरर ने एक और बार 'यूएस ओपन' खेलने का संकेत दिया

न्यूयॉर्क, 26 अगस्त (आईएएनएस)। टेनिस के पूर्व दिग्गज रोजर फेडरर ने संकेत दिया है कि आर्थर ऐश स्टेडियम में उनकी भावुक वापसी 'यूएस ओपन' में उनकी आखिरी उपस्थिति नहीं होगी। फेडरर को उम्मीद है कि उन्हें इस वेन्यू पर फैंस के सामने खेलने का एक और मौका जरूर मिलेगा।

न्यूयॉर्क, 26 अगस्त (आईएएनएस)। टेनिस के पूर्व दिग्गज रोजर फेडरर ने संकेत दिया है कि आर्थर ऐश स्टेडियम में उनकी भावुक वापसी 'यूएस ओपन' में उनकी आखिरी उपस्थिति नहीं होगी। फेडरर को उम्मीद है कि उन्हें इस वेन्यू पर फैंस के सामने खेलने का एक और मौका जरूर मिलेगा।

20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन बुधवार को एक लीजेंड्स एग्जीबिशन मैच के लिए यूएस ओपन में लौटे, जहां न्यूयॉर्क में खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। साल 2022 में प्रोफेशनल टेनिस से संन्यास लेने वाले फेडरर ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी एंडी रॉडिक के खिलाफ एक सिंगल्स सेट खेला और फिर आंद्रे अगासी और रॉडिक के खिलाफ डबल्स मुकाबले में जॉन मैकेनरो के साथ जोड़ी बनाई।

लीजेंड्स मैच के बाद फेडरर ने इस मशहूर कोर्ट पर एक और वापसी की संभावना जताते हुए 'जियो स्टार' से कहा, "उम्मीद है कि यह कोर्ट पर मेरी आखिरी मौजूदगी नहीं होगी। जॉन मैकेनरो अभी भी वह काम कर रहे हैं जो उन्हें पसंद है, इससे मुझे यह विश्वास करने की प्रेरणा मिलती है कि शायद किसी दिन मुझे इस कोर्ट पर लौटने और अपने सभी फैंस के सामने खेलने का एक और मौका मिलेगा। यह सम्मान की बात थी, यह बेहद खास था, यह अद्भुत था। स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों और उन तमाम फैंस का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने इतने वर्षों तक मेरा साथ दिया। यह अविश्वसनीय है। मैंने हर पल का आनंद लिया।"

यूएस ओपन के साथ फेडरर का एक खास जुड़ाव रहा है; उन्होंने 2004 से 2008 तक फ्लशिंग मीडोज में लगातार 5 खिताब जीते हैं। टूर्नामेंट में उनकी आखिरी उपस्थिति साल 2019 में थी।

स्विस स्टार ने आर्थर ऐश स्टेडियम के सेंटर कोर्ट पर अपने पहले अनुभव को याद किया, जब साल 2001 में उनका सामना आंद्रे अगासी से हुआ था। इस मुकाबले में उन्हें सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा था। फेडरर ने बताया, "मुझे लगता है कि सेंटर कोर्ट पर मेरा पहला मैच आंद्रे (अगासी) के खिलाफ था। उन्होंने मुझे 6-1, 6-2, 6-4 से मात दी। मेरे पास कोई मौका नहीं था। मैंने सोचा, ‘ठीक है, इतनी आसानी से नहीं, इतनी जल्दी नहीं, रोजर।"

फेडरर ने बताया कि परिवार की मौजूदगी और टूर्नामेंट में बनी यादों ने इस वापसी को और भी खास बना दिया। उन्होंने कहा, "अपने परिवार के साथ इसे साझा करना वाकई अद्भुत है। मेरी पत्नी और माता-पिता भी यहां हैं, लेकिन सच कहूं तो, न्यूयॉर्क में यूएस ओपन में यह पल बिताना, जहां मुझे इतनी सफलता मिली है, अद्भुत रहा है।"

स्विस खिलाड़ी ने इस सप्ताह के महत्व का भी जिक्र किया, क्योंकि वह 29 अगस्त को इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "शनिवार को इंटरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत बड़ा सप्ताह है। मैं सोमवार को यहां वापस आऊंगा। उम्मीद है कि आप मुझसे ऊबे नहीं होंगे, और सोमवार को जब सेंटर कोर्ट पर फिर से रिंग सेरेमनी होगी, तो मैं आपसे मिलूंगा।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags