त्रिकोणीय टी20 सीरीज: नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराया, डेवाल्ड ब्रेविस का अर्धशतक बेकार
विंडहोक, 28 अगस्त (आईएएनएस)। नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही त्रिकोणीय टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। मेजबान नामीबिया ने 18 रन से जीत दर्ज कर दक्षिण अफ्रीका को हैरान कर दिया। डेवाल्ड ब्रेविस की शानदार अर्धशतकीय पारी भी दक्षिण अफ्रीका को नहीं बचा सकी।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए नामीबिया ने 164 रन का लक्ष्य दिया था। दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन बना सकी और 18 रन से मैच हार गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक 75 रन की पारी डेवाल्ड ब्रेविस ने खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ब्रेविस ने 50 गेंदों पर खेली इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। ब्रेविस छठे विकेट के रूप में आउट हुए। उनका विकेट गिरते ही मैच दक्षिण अफ्रीका के हाथ से निकल गया। जब ब्रेविस का विकेट गिरा, उस समय दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 12 गेंदों पर 31 रन की जरूरत थी, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाज जरूरी रन नहीं बना सके।
नामीबिया के लिए कप्तान रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिट ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कप्तान इरासमस, जैक ब्रासेल और मैक्स हिंगो को 1-1 विकेट मिला।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया ने 9 विकेट पर 163 रन बनाए थे। सलामी बल्लेबाजों जान फ्राइलिंक और लौरेन स्टीनकैंप ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवर में 84 रन की साझेदारी कर टीम के लिए बड़े स्कोर की मजबूत नींव रखी थी, लेकिन मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों की असफलता की वजह से टीम 9 विकेट पर 163 रन ही बना सकी। जान फ्राइलिंक ने 38 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 60 रन बनाए। वहीं, लौरेन स्टीनकैंप ने 29 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका के लिए डुयान जानसेन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए। पी. सुब्रायन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 2, नाकोबानी मोकोएना और डेवाल्ड ब्रेविस ने 1-1 विकेट लिया।
डुयान जानसेन दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर मार्को जानसेन के जुड़ना भाई हैं। उन्होंने इस मुकाबले से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया है।
--आईएएनएस
पीएके

