ट्रेंट रॉकेट्स बनी महिला 'द हंड्रेड' 2026 की चैंपियन, फाइनल में सनराइजर्स लीड्स को हराकर पहली बार जीता खिताब
नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। ट्रेंट रॉकेट्स ने पहली बार महिला द हंड्रेड का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्रेंट रॉकेट्स ने सनराइजर्स लीड्स को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हराया।
सनराइजर्स लीड्स से मिले 92 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेंट रॉकेट्स की शुरुआत शानदार रही। सोफिया डंकले और बेथ मूनी की सलामी जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी और दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 40 गेंदों में 69 रनों की साझेदारी निभाई। डंकले ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 41 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए।
हालांकि, नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरीं नेट साइवर ब्रंट बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और 4 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद मूनी और कप्तान एश्ले गार्डनर ने टीम को बिना कोई और झटके लगे 54 गेंदों में लक्ष्य तक पहुंचाया। मूनी 21 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि गार्डनर 9 रन बनाकर नॉटआउट रहीं। सनराइजर्स लीड्स की गेंदबाज लय से भटकी हुई नजर आईं और टीम की ओर से एनाबेल सदरलैंड और डैनी गिब्सन ने एक-एक विकेट चटकाया।
इससे पहले, ट्रेंट रॉकेट्स की गेंदबाजों का प्रदर्शन दमदार रहा और उन्होंने सनराइजर्स लीड्स की पूरी टीम को सिर्फ 91 रनों पर समेटा। सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ब्रायोनी स्मिथ महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद फोएबे लिचफील्ड 5 गेंदों में 10 रन बनाने के बाद आउट हुईं। विकेटकीपर बल्लेबाज लॉरेन विनफील्ड-हिल बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं, जबकि दीप्ति शर्मा 16 गेंदों का सामना करने के बाद महज 12 रन ही बना सकीं।
सदरलैंड ने 25 और कप्तान गिब्सन ने 22 रनों की पारी खेलते हुए टीम की पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जॉर्जिया एडम्स ने सदरलैंड को पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को जल्द ही तोड़ दिया। जेस जोनासन और डार्सी कार्टर बिना खाता खोले आउट हुईं। केट क्रॉस 7 रन ही बना सकीं। गेंदबाजी में सनराइजर्स लीड्स की ओर से किम गार्थ, सामंथा बेट्स और चार्ली फिलिप्स ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि कप्तान गार्डनर ने एक विकेट अपने नाम किया।
--आईएएनएस
एसएम/एएस

