टेस्ट सीरीज से पहले 'इंडिया ए' के साथ चार दिवसीय मैच खेलेगा न्यूजीलैंड
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने मंगलवार को पुष्टि की है कि वह 'भारत-ए' टीम की मेजबानी करेगा। दोनों देशों के बीच होने वाली दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज से पहले भारत-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच अक्टूबर से चार दिवसीय तैयारी मैच खेले जाएंगे।
भारत अक्टूबर के आखिर से दिसंबर की शुरुआत तक न्यूजीलैंड के दौरे पर रहेगा, जिसमें 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। एनजेडसी ने प्लंकेट शील्ड का शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि इस दौरे में 'इंडिया ए' के खिलाफ तीन चार-दिवसीय मैच भी शामिल होंगे।
एनजेडसी ने एक बयान में कहा, "घरेलू रेड-बॉल समर सीजन में इंटरनेशनल लेवल का रोमांच भी देखने को मिलेगा, क्योंकि न्यूजीलैंड 'ए' क्राइस्टचर्च में 'इंडिया ए' के साथ 3 चार-दिवसीय मैच खेलेगा, जो 24 अक्टूबर से शुरू होंगे।"
इसके साथ ही बोर्ड ने घरेलू फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट की भी घोषणा की, जो 19 नवंबर से शुरू होकर 29 मार्च तक चलेगा। इसके बीच में सुपर स्मैश और फोर्ड ट्रॉफी के लिए ब्रेक भी होगा।
न्यूजीलैंड 'ए' और 'इंडिया ए' के बीच तीन मल्टी-डे मैच व्हाइट-बॉल टूर के साथ-साथ खेले जाएंगे। हालांकि, न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सटीक तारीखें नहीं बताई हैं, लेकिन बोर्ड ने कहा है कि 3 चार-दिवसीय मैच 24 अक्टूबर से शुरू होंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में यह ऐसा सबसे बड़ा इंटरनेशनल टूर होगा, जिसमें न्यूजीलैंड भारत की मेजबानी करेगा। 'व्हाइट-बॉल टूर' 22 अक्टूबर को टी20 के साथ शुरू होगा और अगले चार मैच 24, 27, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को खेले जाएंगे।
वनडे मुकाबले 4, 7, 10, 13 और 15 नवंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 2 टेस्ट मैच 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होंगे। इस दौरे के साथ भारत साल 2019 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलेगा और 2022 के बाद उस देश में उनका पहला व्हाइट-बॉल दौरा होगा।
भारत का न्यूजीलैंड दौरा:
पहला टी20 मैच: 22 अक्टूबर (क्राइस्टचर्च)
दूसरा टी20 मैच: 24 अक्टूबर (क्राइस्टचर्च)
तीसरा टी20 मैच: 27 अक्टूबर (वेलिंगटन)
चौथा टी20 मैच: 30 अक्टूबर (ऑकलैंड)
पांचवां टी20 मैच: 1 नवंबर (हैमिल्टन)
पहला वनडे मैच: 4 नवंबर (ऑकलैंड)
दूसरा वनडे मैच: 7 नवंबर (वेलिंगटन)
तीसरा वनडे मैच: 10 नवंबर (हैमिल्टन)
चौथा वनडे मैच: 13 नवंबर (माउंट माउंगानुई)
पांचवां वनडे मैच: 15 नवंबर (माउंट माउंगानुई)
पहला टेस्ट मैच: 19-23 नवंबर (वेलिंगटन)
दूसरा टेस्ट मैच: 27 नवंबर-1 दिसंबर (क्राइस्टचर्च)
--आईएएनएस
आरएसजी

