तीसरा टी20: हरमनप्रीत की तूफानी बल्लेबाजी, गेंद से चमकीं नंदनी, जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत ने किया 'क्लीन स्वीप'
रायपुर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले को 92 रन से अपने नाम करते हुए सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया। यह मुकाबला मंगलवार को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 216 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने अनुष्का शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 54 रन की साझेदारी की। अनुष्का 20 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं। 68 के स्कोर पर भारत ने निकी प्रसाद (9) का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद हरमनप्रीत कौर मैदान पर उतरीं, जिन्होंने शेफाली वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 84 रन जुटाकर टीम को 152 के स्कोर तक पहुंचा दिया। शेफाली 37 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद पूर्व कप्तान कौर ने ऋचा घोष (1) के साथ चौथे विकेट के लिए 14 गेंदों में 28 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। कौर 41 गेंदों में 91 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। विपक्षी टीम से बिलव्ड बिजा ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि नोमवेलो सिबांडा, न्याशा ग्वांजुरा और तेन्दई मकुशान ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी। मेहमानों ने पहली ही गेंद पर केलिस न्धलोवु (0) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद 12 रन तक मोडेस्टर मुपाचिकवा (1) का विकेट भी गिर गया।
जिम्बाब्वे ने 12 रन तक 2 विकेट खो दिए थे, लेकिन इसके बाद सलामी बल्लेबाज शार्न मायर्स ने बिजा के साथ तीसरे विकेट के लिए 78 गेंदों में 82 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में रन गति काफी थम गई और टीम 20 ओवरों के खेल तक 124/7 के स्कोर पर सीमित हो गई।
मायर्स 49 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 60 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि बिजा ने 50 गेंदों में 5 चौकों के साथ 44 रन बनाए। इनके अलावा, किसी भी बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ। भारत की तरफ से नंदनी शर्मा ने 4 ओवरों में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद ने 1-1 विकेट चटकाया।
--आईएएनएस
आरएसजी

