ताशकंद वर्ल्ड चैलेंज कप में वायरल बुखार के बावजूद हिस्सा लेने और जीतने के लिए कोच ने प्रेरित किया: प्रणति नायक
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। हाल ही में ताशकंद में हुए एफआईजी वर्ल्ड चैलेंज कप में रजत पदक जीतने वाली देश की जानी-मानी जिम्नास्ट प्रणति नायक ने कहा है कि प्रतियोगिता से पहले उन्हें शारीरिक दिक्कतों और मानसिक रुकावटों से जूझना पड़ा था। उन्होंने लगभग उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन उनके कोच ने उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
टखने में गंभीर चोट के कारण सात महीने के ब्रेक के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर वापसी कर रहीं, तीन बार की एशियन चैंपियनशिप मेडलिस्ट प्रणति का अभियान आखिरी समय में वायरल बुखार की चपेट में आने से लगभग पटरी से ही उतर गया था।
प्रणति ने शुक्रवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा आयोजित मीडिया बातचीत के दौरान आईएएनएस के सवाल के जवाब देते हुए कहा, "सच कहूं तो, प्रतियोगिता से पहले मुझे वायरल बुखार हो गया था। मेरी ट्रेनिंग बिल्कुल भी नहीं हो पा रही थी। प्रतियोगिता से ठीक दो सप्ताह पहले तक मेरी तैयारी बहुत अच्छी चल रही थी। बीमार पड़ने के बाद मैं उम्मीद खोने लगी थी। मेरे कोच मुझे लगातार प्रेरित करते रहे और पूछते रहे, 'तुम हार क्यों मान रही हो? तुम यह कर सकती हो।' उन्होंने मुझे बेहतरीन ट्रेनिंग दी।"
उन्होंने कहा, "बुखार की वजह से मेरा शरीर कमजोर हो गया था, इसलिए हमने अभ्यास की संख्या कम कर दी थी। मैंने प्रतियोगिता में वही किया जो मुझे करना चाहिए था। आम तौर पर, मैं 17, 18 या 20 वॉल्ट तक का अभ्यास करती हूं। लेकिन इस प्रतियोगिता से पहले, मैंने अपनी ऊर्जा बचाने के लिए सिर्फ आठ बार ही अभ्यास किया। मैं बस अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहती थी, अच्छी तरह से लैंड करना चाहती थी, और इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहती थी। मुझे मिले परिणाम से बहुत खुशी हुई। मैं बस अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहती थी और अच्छी तरह से लैंड करना चाहती थी। मैं इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहती थी।"
प्रणति के कोच अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि ताशकंद तक का सफर मुश्किलों से भरा था, जिसकी शुरुआत पिछले साल अक्टूबर में उनके टखने में लिगामेंट फटने की बड़ी चोट से हुई थी।
मिश्रा ने कहा, "पिछले साल अक्टूबर में इंडोनेशिया एरिना में वर्ल्ड आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप के लिए महिलाओं के वॉल्ट क्वालिफिकेशन में हिस्सा लेते हुए प्रणति गलत तरीके से लैंड कर गई थीं और अपने दूसरे वॉल्ट से पहले ही प्रतियोगिता से हट गईं। उनके टखने का लिगामेंट टूट गया था, लेकिन वह एक सीनियर खिलाड़ी है जिसके पास बहुत ज्यादा अनुभव है। वह बहुत तेजी से ठीक हुईं। उसने एक फिजियोथेरेपिस्ट के साथ मिलकर काम किया, एक न्यूट्रिशनिस्ट के साथ अपनी डाइट प्लान की, और मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए एक मेंटल ट्रेनर से सलाह ली।"
कोच ने बताया कि चोट की वजह से, हालांकि, प्रणति के कॉम्पिटिटिव कैलेंडर में पूरी तरह से बदलाव करना पड़ा, जिससे वह कई बड़े इवेंट्स से बाहर हो गई।
उन्होंने कहा, "हमारा असली लक्ष्य था कि वह चार वर्ल्ड कप खेले, लेकिन चोट की वजह से यह नामुमकिन हो गया। अगली योजना सीनियर नेशनल्स थी, लेकिन उससे ठीक पहले उसे वायरल बुखार और टॉन्सिलिटिस हो गया, जिसकी वजह से उसे बाहर बैठना पड़ा। फिर हमने जिम्नास्टिक्स फेडरेशन से गुजारिश की, और उसकी काबिलियत को ध्यान में रखते हुए, उन्होंने उसे सीधे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने की मंजूरी दे दी।"
अशोक मिश्रा को अपनी खिलाड़ी की क्षमता पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, "आमतौर पर, किसी ऐसे एथलीट के लिए जिसने छह से सात महीने से कोई मुकाबला नहीं खेला हो, प्रदर्शन की कोई गारंटी नहीं होती। लेकिन मुझे पूरा यकीन था कि एक बार जब वह शारीरिक रूप से फिट हो जाएगी, तो वह अपना 100 प्रतिशत देगी।"
--आईएएनएस
पीएके

