Samachar Nama
×

टी20 वर्ल्ड कप: विल जैक्स ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले इंग्लिश स्पिन गेंदबाज

पल्लेकेले, 22 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को श्रीलंका की भिड़ंत इंग्लैंड के साथ हो रही है। इंग्लिश टीम के कामचलाऊ स्पिन गेंदबाज विल जैक्स ने सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से इतिहास रच डाला है।
टी20 वर्ल्ड कप: विल जैक्स ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले इंग्लिश स्पिन गेंदबाज

पल्लेकेले, 22 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को श्रीलंका की भिड़ंत इंग्लैंड के साथ हो रही है। इंग्लिश टीम के कामचलाऊ स्पिन गेंदबाज विल जैक्स ने सुपर-8 राउंड के इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से इतिहास रच डाला है।

विल जैक्स इंग्लैंड की तरफ से पावरप्ले में तीन विकेट लेने वाले पहले स्पिन गेंदबाज बन गए हैं। अपने स्पेल के दूसरे ओवर में जैक्स ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने कुशल मेंडिस और पवन रत्नायके को पवेलियन भेजा।

वहीं, अगले ओवर में जैक्स ने दुनिथ वेल्लालगे को आउट करते हुए इस खास उपलब्धि को अपने नाम किया। टूर्नामेंट में बल्ले से धमाल मचाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज जैक्स के आगे बेबस दिखाई दिए।

इंग्लिश गेंदबाज ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए। विकेट चटकाने के साथ-साथ जैक्स पावरप्ले में काफी किफायती भी रहे। उन्होंने बल्ले से भी अहम योगदान दिया। विल जैक्स ने 150 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 14 गेंदों में 21 रन बनाए।

पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। टीम की तरफ से फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 62 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान साल्ट ने 6 चौके और 2 सिक्स लगाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। जोस बटलर, हैरी ब्रूक और जैकब बेथेले जैसे धाकड़ बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। बटलर 14 गेंदें खेलने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके, जबकि ब्रूक 14 रन बनाकर आउट हुए।

पल्लेकेले के मैदान पर श्रीलंकाई गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। दुनिथ वेल्लालगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में महज 26 रन खर्च करते हुए 3 बड़े विकेट चटकाए। वेल्लालगे ने बटलर-साल्ट और ब्रूक को पवेलियन भेजा। वहीं, महेशा तीक्षणा ने 21 रन देकर 2 विकेट निकाले, जबकि दिलशान मदुशंका ने 25 रन खर्च करते हुए दो विकेट झटके।

--आईएएनएस

शुभम/आरएसजी

Share this story

Tags